संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 31 जुलाई तक एनीमिया उन्मूलन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान एनीमिया का पता लगाने के लिए डेढ़ लाख लोगों के खून की जांच की जाएगी। खून की कमी मिलने पर आयरन की खुराक दी जाएगी।
इसी कड़ी में एनीमिया उन्मूलन अभियान की बैठक मंगलवार को जिला सचिवालय में डीसी पार्थ गुप्ता ने ली। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. विजय परमार ने बताया कि अभियान में छह केटेगरी के लोगों की एनीमिया की जांच की जाएगी। इसमे छह माह से लेकर 59 माह तक के बच्चे, पांच साल से नौ साल तक के बच्चे, 10 साल से 19 साल तक के किशोर , गर्भवती महिलाएं, दूध पिलाने वाली माताएं और 45 वर्ष तक वो महिलाएं जो न गर्भवती हैं और न दूध पिलाने वाली को लिया गया हैं।
जांच के बाद अगर इनमें खून की कमी पाई जाती है तो उन्हें उम्र के हिसाब से आयरन की खुराक दी जाएगी। एक जुलाई से अब तक 15570 लोगों की खून की जांच की जा चुकी है। डीसी पार्थ गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि इस कार्य को मिशन मोड में किया जाए।
इस अभियान में सभी स्कूल और साथ में सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं हैं, जहां पर सम्मेलन होते हैं, उन स्थानों पर जाकर वहां उन सभी लोगों के हीमोग्लोबिन की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सभी पीएचसी व सीएचसी एरिया से एक माता जिसका एचबी लेवल 12 ग्राम से ऊपर हो और उसके बच्चों का भी एचबी लेवल एनीमिया लेवल से बाहर उसे ब्रांड एम्बेसडर बनाया जाए।