यमुनानगर। नाहरपुर में जमीनी विवाद में हुई भाजपा कार्यकर्ता केदारनाथ की हत्या के मामले में सीआईए वन की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ही पहचान नाहरपुर निवासी साहिल अली के रूप में हुई। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए वन इंचार्ज राकेश कुमार मटोरिया ने बताया कि 11 मार्च को नाहरपुर में जमीनी विवाद के चलते भाजपा कार्यकर्ता केदारनाथ के साथ पड़ोसियों की मारपीट हो गई थी, जिसमें केदारनाथ की मौत हो गई थी। परिजनों ने पड़ोसियों पर ही हत्या का आरोप लगाया था। उप निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि इस वारदात को सुलझाने का जिम्मा सीआईए वन की टीम को दिया गया था। टीम ने नाहरपुर निवासी साहिल अली को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब इस आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी साहिल अली को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे वारदात में इस्तेमाल किया हुआ सरिया बरामद किया जाएगा।