यमुनानगर। मधु चौक स्थित बरकत मोबाइल गैलरी से मोबाइल चोरी करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
रामपुरा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार को बृजपुरी कॉलोनी निवासी देवेंद्र कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसकी मधु चौक के पास बरकत मोबाइल गैलरी के नाम से मोबाइल की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात युवक दुकान पर आया।
आरोपी ने उसे मोबाइल दिखाने के लिए कहा। जब वह आरोपी को मोबाइल दिखाने में व्यस्त था तो आरोपी ने चुपके से एक नया मोबाइल अपने तौलिये में छुपा लिया। मोबाइल बाद में खरीदने की बात कहकर आरोपी दुकान से चला गया। जब वह मोबाइल की जांच करने लगा तो उसे एक कम मिला। उसने दुकान में लगे सीसीटीवी की फुटेज जांची तो आरोपी मोबाइल चोरी से तौलिये में छुपाते हुए दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोबाइल चोरी करने का आरोपी को शहर से काबू किया। आरोपी की पहचान साढौरा क्षेत्र के गांव टोडरपुर निवासी गौतम के नाम से हुई। आरोपी से चोरी किया मोबाइल बरामद कर उसे अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।