संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बहन के घर पहुंचकर तिलक करवाने के उत्साह ने वीरवार को भाइयों की खूब परीक्षा ली। यमुनानगर और जगाधरी बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने और बसों की कमी के कारण लोगों को घंटों परेशान होना पड़ा।
हालात ऐसे रहे कि सीट पाने की होड़ में कुछ यात्री बसों की छत तक चढ़ गए। हालांकि चालकों और परिचालकों ने उन्हें नीचे उतारा। बसों में जगह न मिलने के कारण यात्रियों को धक्कामुक्की के बीच सफर करने को मजबूर होना पड़ा। भाईदूज के चलते सुबह से ही बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
दूसरे जिलों और राज्यों में जाने वाले यात्रियों की संख्या भी काफी अधिक रही। बसों की संख्या यात्रियों की भीड़ के मुकाबले कम पड़ने से बस स्टैंड पर लंबी कतारें लगी रहीं। एक बस के आते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्का-मुक्की शुरू हो जाती। कई यात्रियों को बस में जगह नहीं मिलने के कारण अगली बस का इंतजार करना पड़ा। दूसरे राज्यों की ओर जाने वाली बसें भी यात्रियों से खचाखच भरी नजर आईं।
टिकट काउंटर पर भी यात्रियों की भीड़ के कारण अव्यवस्था बनी रही। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें लगाई गई थीं, लेकिन पहले टिकट लेने की होड़ में लोग एक-दूसरे से आगे निकलने का प्रयास करते रहे। काउंटर पर तैनात कर्मचारी बार-बार यात्रियों को कतार में लगकर टिकट लेने की हिदायत देते रहे, लेकिन भीड़ के आगे व्यवस्था कमजोर पड़ती दिखाई दी।
यमुनानगर रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक संजय रावल ने बताया कि भाई दूज को देखते हुए बस स्टैंड पर व्यवस्था बनाई गई थी। यात्रियों की सुविधा के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। अधिक भीड़ के कारण दिक्कत पेश आई है।
दो घंटे बाद भी नहीं मिली बस
ऋषिपाल ने बताया कि वह सहारनपुर के भगवानपुर से आए थे। बहन के घर से वह जल्दी निकल गए, ताकि बस में भीड़ न मिले। बस अड्डे पर भारी भीड़ थी। एक बस आई। अधिक भीड़ के कारण वे चढ़ नहीं पाए। इसके बाद दो घंटे इंतजार करते रहे, लेकिन बस नहीं आई।
पांवटा के लिए नहीं मिली बस
हेम सिंह ने बताया कि वह यमुनानगर रिश्तेदारी में आए थे। उन्हें पांवटा वापस जाना है, जिसके लिए बस अड्डे पर आए थे। यहां आकर हालात देखते तो उनकी जाने की हिम्मत नहीं हो रही है। बस में चढ़ने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की हो रही है। लोग बाहर दरवाजे तक लटके हुए हैं।
खचाखच भरी बस में चढ़ने का प्रयास करते यात्री। संवाद- फोटो : File Photo
खचाखच भरी बस में चढ़ने का प्रयास करते यात्री। संवाद- फोटो : File Photo