यमुनानगर। जनस्वास्थ्य विभाग के रिटायर्ड एसडीओ को कार के इंजन से तेल रिसने का झांसा देकर बदमाशों ने 58 हजार की नकदी और लैपटॉप चोरी कर लिया। घटना शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे की है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
रामपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में हुडा निवासी जनस्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त एसडीओ एनके भारद्वाज ने बताया कि वह देर शाम करीब सवा आठ बजे सरनी चौक स्थित कार्यालय से घर के लिए कार में निकला था। जब वह मधु चौक से थोड़ा आगे तनिष्क ज्वेलरी शोरूम के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार तीन युवक उसकी कार के पास आए और उसे इंजन से तेल रिसने की बात कही।
इस पर वह रुक गया और उसने अपने चालक और बेटी को फोन किया। इसके बाद तीनों युवक वहीं पास में एक तरफ होकर बैठ गए। थोड़ी देर बाद उसका ड्राइवर और बेटी वहां पहुंचे और वे तेल चेक करने लगे। इसी दौरान युवकों ने इसकी कार की साइड सीट से बैग उड़ा लिया।
भारद्वाज ने बताया कि बैग में 58 हजार की नकदी, लैपटॉप, पर्स, एडीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
समझदारी भी न आई काम
एनके भारद्वाज के अनुसार जब युवकों ने उसे कार के इंजन से तेल रिसने की बात कही तो वह कार से नहीं उतरे और अपने ड्राइवर और बेटी को इस बारे में बताया। दोनों के वहां पहुंचने पर ही वह कार से नीचे उतरे थे। पीड़ित के अनुसार मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक उनसे थोड़ी ही दूर आराम से बैठ गए। इसके बाद उन्होंने युवकों की ओर गौर करने के बारे में नहीं सोचा। जब वह कार से उतरे तब युवकों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
एक और कार चालक को बनाना चाहा शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने इससे पहले एक स्विफ्ट कार चालक को भी इसी तरह इंजन से तेल रिसने का झांसा दिया। लेकिन कार चालक ने सूझबूझ से काम लिया और पास स्थित मैकेनिक की दुकान पर रुककर कार की जांच करवाई और इस दौरान वह कार से नीचे नहीं उतारा।
पहले भी हो चुकीं है कई वारदातें
जिले में इस तरह की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पूर्व भी कई कार चालकों के साथ ऐसी वारदातें हो चुकी हैं। पिछले महीने सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर हजकां नेता के बेटे को भी बाइक सवार युवकों ने कार से तेल रिसने का झांसा देकर कार में रखी लगभग दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। इसके कुछ दिन बाद ही पांसरा फाटक के पास टिंबर मर्चेंट को भी तेल रिसने का झांसा दिया और उसकी कार से हजारों की नकदी उड़ाई थी।