संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के आगमन की तैयारी के संबंध में निगम आयुक्त मंगलवार को अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए किए सड़क सुरक्षा के सभी मानक समय से पूरे किए जाएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि पीएम के आगमन से पूर्व शहर का विशेष रूप से सुंदरीकरण किया जाना है। विभिन्न जिलों व राज्यों से शहर आने वाले सभी मार्ग चकाचक हो। जो मार्ग क्षतिग्रस्त है, उन्हें तुरंत ठीक कराएं। डिवाइडर दुरुस्त कर उन्हें पेंट कर चमकाए। सड़क किनारे समतल कर बर्म ठीक कराएं। सभी चौकों पर जेब्रा क्रॉसिंग व सड़क सुरक्षा संबंधित अन्य मानक पूरे किए जाए। पेड़ों की ट्रिमिंग कर छह फुट तक सफेद पेंट कर उन्हें सुंदर रूप दें।
सड़कों के डिवाइडर पर लगे ग्रिल व पुराने स्ट्रीट लाइट पोल पर पेंट कर चमकाया जाए। इन सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने में किसी भी अधिकारी व कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी अधिकारी इसे गंभीरता से लें। बैठक में नगर निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने शिरकत की।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीनबंधू छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की नई यूनिट का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए तेजली खेल परिसर में समारोह का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व शहर का विशेष रूप से सुंदरीकरण किया जाना है। इस संबंध में नगर निगम ने तैयारियों शुरू कर दी है। सड़कों की सफाई, डिवाइडर पेंट करने के कार्य शुरू कर दिए गए है।
निगम आयुक्त ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कहा कि जगाधरी बस स्टैंड से अग्रसेन चौक और अग्रसेन चौक से छछरौली तक जगाधरी पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर डिवाइडर टूटा हुआ है। ग्रिल टूट चुकी है। कई स्थानों से सड़क क्षतिग्रस्त है। इसके अलावा शहर से जुड़े उनके राष्ट्रीय राजमार्ग पर जो भी खामियां है, उन्हें 14 अप्रैल से पहले दुरुस्त करें। डिवाइडर, उनकी ग्रिल को पेंट कराए।
सड़कों पर कैट आई, जेब्रा क्रॉसिंग व सड़क सुरक्षा संबंधित सभी मानक पूरे करें। इसी तरह लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को उनके अंतर्गत आई सड़कों की खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। निगम अधिकारियों को तेजली रोड, लालद्वारा मार्ग, रेलवे रोड, गोविंदपुरी मार्ग, वर्कशॉप रोड व अन्य मार्गाें की सड़कों को दुरुस्त करने, डिवाइडर पेंट करने, सड़क बर्म, पेड़ों की शाखाओं की ट्रिमिंग कराने, सभी स्ट्रीट लाइट ठीक कराने, तिरंगा लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।