संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए डीसी पार्थ गुप्ता ने सभी अधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया की निरंतर मॉनिटरिंग करते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में आदर्श आचार संहिता की शत प्रतिशत पालना सुनिश्चित करें।
नगर निकाय चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से आयोजित करने के लिए सभी अधिकारी, पुलिस अधिकारियों से तालमेल रखेंगे। इन चुनावों से संबंधित अधिकारी अधिक से अधिक मतदान केंद्रों, विशेषकर संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा करें। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों, उनके प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों की ओर से मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी या शराब, कपड़े या किसी अन्य सामग्री के वितरण के बारे में कड़ी निगरानी बनाए रखें।
इस चुनाव के पूरा होने तक राज्य चुनाव आयोग को प्रतिदिन जब्त की कार्रवाई की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों, हिस्ट्रीशीटरों, भगोड़े, घोषित अपराधियों, पैरोल, फरलो पर आए लोगों, पूर्व दोषियों आदि की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखें, साथ ही कानून और व्यवस्था से संबंधित सभी शिकायतों पर जिला प्रशासन की ओर से तुरंत प्रभावी कार्रवाई करवाना सुनिश्चित करें।