यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर कार्यालय में लगे समाधान शिविर के दूसरे दिन नगर निगम अधिकारी समय से पहले ही पहुंचे नजर जाए। शिविर शुरू होने का समय सुबह नौ बजे है, पर इससे पहले ही निगमायुक्त आयुष सिन्हा सहित अन्य अधिकारी निगम सभागार में पहुंच गए। इसके बाद ग्यारह बजे तक दो घंटे में 18 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें दस्तावेज, तकनीकी व अन्य कमियों के चलते किसी शिकायत का मौके पर निपटारा नहीं हो पाया, पर इसके लिए संबंधित अधिकारियों ने जांच व कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार शिविर के पहले दिन निगम अधिकारी दस से पंद्रह मिनट देरी से आए थे। इससे मंगलवार को नौ बजे के बजाय 9.20 बजे शिविर में शिकायतों पर सुनवाई हुई थी। यह मामला अमर उजाला ने 23 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद बुधवार को लगे शिविर में निगमायुक्त सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शिविर में नौ बजे से भी पहले अपनी कुर्सियों पर नजर आए। पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन करीब आधे लोग ही शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे। कुल नौ से ग्यारह बजे तक अधिकारियों ने 18 शिकायतों पर सुनवाई की। इनमें करीब 13 शिकायतें प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए आईं। एक स्वामित्व योजना के तहत मालिकाना हक लेने की, एक स्टॉर्म वाटर ड्रेन व बाकी अन्य समस्याओं बारे शिकायतें आईं। सभी शिकायतों में दस्तावेज, तकनीकी व अन्य कमियां देख उनका मौके पर निपटारा नहीं हो पाया। इनका जल्द समाधान के निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
जगाधरी में शिकायतों के इंतजार में बैठे रहे अधिकारी
वार्ड एक से सात तक के लोगों के लिए नगर निगम यमुनानगर कार्यालय और वार्ड आठ से 22 तक के लोगों के लिए नगर निगम यमुनानगर कार्यालय में समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें जगाधरी निगम कार्यालय में दो दिन में नाममात्र शिकायतें आई हैं। पहले दिन दो और दूसरे दिन तीन शिकायतें ही जगाधरी कार्यालय में आईं। इस तरह नाममात्र शिकायतें आने पर अधिकारी दो घंटे तक शिविर में लोगों के इंतजार में बैठे रहे। बुधवार को भी जगाधरी निगम कार्यालय में एक शिकायत नाली साफ कराने, एक नाली का निर्माण कराने व एक शिकायत स्टॉर्म वाटर ड्रेन की रही। एक शिकायत अन्य विभाग से संबंधित थी। सभी के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियां ठीक कराने के लिए रजिस्ट्री, आधार कार्ड, फैमिली आईडी, प्रॉपर्टी आईडी से लिंक मोबाइल फोन व अन्य दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि उनकी प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित समस्या का समाधान मौके पर ही किया जा सके। इसके अलावा शिविर में स्वामित्व योजना, स्ट्रीट लाइट, डेवलपमेंट चार्ज, टैक्स, सफाई, इंजीनियरिंग वर्क व निगम संबंधित अन्य कामों की शिकायतों का निवारण किया जा रहा है। मौके पर उप निगम आयुक्त डाॅ. विजय पाल यादव, अधीक्षण अभियंता हेमंत कुमार, एक्सईएन नरेंद्र सुहाग, एक्सईएन सुखविंदर सिंह, एटीपी आशीष, सीएसआई सुनील दत्त, एमई दीपक सुखीजा, एमई कुलदीप यादव, एमई राजेश कुमार मौजूद रहे।