यमुनानगर। दामाल स्थित एक ईंट-भट्ठे पर दीन बंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट के कोयले से भरा डंपर पकड़े जाने के बाद अब थर्मल के अधिकारियों में बेचैनी का माहौल है। गुप्त सूचना के आधार पर 19 जुलाई को मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने इस डंपर को पकड़ा था। पुलिस इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
अब इस जांच की जद में थर्मल के कुछ अधिकारी व कर्मचारी भी आ सकते हैं। उधर, सूत्रों ने बताया कि भट्ठे पर जो कोयला बरामद हुआ वह थर्मल के स्टॉक पाइल से हेराफेरी कर भट्ठे पर भेजा गया था। जांच एजेंसियां भट्ठे पर मिले और प्लांट के भीतर मौजूद कोयले के नमूनों की लैब में जांच कराने की भी तैयारी कर रही है।
सूत्र बताते हैं कि प्लांट से कोयले की चोरी पिछले कुछ समय से चल रही थी। प्लांट के भीतर रिजेक्शन के बाद यूज कोयले में इंपोर्टेड (आयात) कोयले की मिलावट कर बेचा गया है। इससे यूजड की मात्रा कम हो जाती है और इंपोर्टेड की मात्रा बढ़ जाती है जो बाहर आसानी से अच्छे दाम पर बिक जाता है। उधर जब इस मामले में थर्मल प्लांट के एक्सईएन भीष्म कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने इससे संबंधित बात करते ही मोबाइल कॉल काट दी। उसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
थर्मल पावर स्टेशन करीब 1107 एकड़ में बना हुआ है, जिसकी सिक्योरिटी का जिम्मा सीआईएसएफ के पास है। वहीं सूत्रों के अनुसार इसी मामले में सीआईएसएफ के स्टाफ से भी पूछताछ हो सकती है। हालांकि सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने अभी किसी प्रकार की जांच की बात से इनकार किया है, लेकिन उन्होंने बताया कि 10 हजार टन वेस्ट मैटीरियल उठाने का ठेका एजेंसी ने लिया हुआ है। उसमें थोड़ा बहुत मिश्रण कोयले का रहता है।
बाकी जब माल उठाया जाता है तो उस दौरान सीआईएसएफ और थर्मल का एक-एक कर्मी वहां होता है, क्योंकि ऐसे तो हमें पता नहीं होता सही और रिजेक्ट कोयला कौन सा होता है। इसलिए थर्मल के कर्मचारी से वहां की निशानदेही कराई जाती है। दोनों के सामने गाड़ी लोड होती है उसके बाद सीआईएसएफ कर्मी उसे कांटे पर लेकर जाता है। उसका वेट कराने के बाद उसे बाहर कराते हैं। संवाद
मामले में अभी जांच शुरू हुई है। थाना में काम ही बहुत है अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। मामले में अभी दस्तावेज भी लेने हैं। जल्द ही कुछ नतीजे सामने आएंगे। - यूनिस अली, जांच अधिकारी, थाना सदर यमुनानगर।
अभी इस मामले में जांच चल रही है। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। - मोहित हांडा, पुलिस अधीक्षक।