संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। वर्कशॉप रोड पर शहीद भगत सिंह चौक से पेपर मिल गेट तक बने नाले का मेयर सुमन बहमनी ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान नाले पर कई जगह अतिक्रमण व अवैध कब्जे मिले, वहीं नाला बंद मिला। मेयर ने नाले की सफाई का कार्य शुरू कराया। साथ ही नाले पर अवैध कब्ज करने पर एक फास्ट फूड दुकान संचालक को नोटिस दिया गया।
मेयर सोमवार को अचानक शहीद भगत सिंह चौक पर वर्कशॉप रोड पर बने नाले का निरीक्षण करने पहुंचीं। उनके साथ सीएसआई विनोद बेनीवाल, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, बिट्टू व अन्य अधिकारी थे। मेयर बहमनी ने पैदल शहीद भगत सिंह चौक से पेपर मिल गेट तक नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण में नाले पर डाली स्लैब पर लोगों के अवैध कब्जे मिले। जिससे नाले की सफाई ही नहीं हो पाई।
नाला मिट्टी व गंदगी से अटा होने के कारण बंद हो चुका था। इस दौरान मेयर ने सफाई अधिकारियों के साथ मिलकर स्वयं दुकानदारों को बोलकर अतिक्रमण व अवैध कब्जे हटवाए। एक नामी फास्ट फूड विक्रेता द्वारा नाले को पूरा कवर कर बंद किया हुआ था, साथ ही नाले में गंदगी भरी हुई थी। जिस पर मेयर के निर्देश पर अधिकारियों ने दुकानदार को नोटिस दिया। वहीं, मेयर ने कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर नाले की सफाई का कार्य कराया, ताकि बारिश में पानी की निकासी सही तरीके से हो सके।