छछरौली के राजकीय कॉलेज में चल रहे एनएसएस शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने बाल्मीकि बस्ती के घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं जानी। साथ ही बस्ती व मंदिर की सफाई कर मिट्टी का भराव किया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुनील तनेजा ने स्वयंसेवकों के आठ ग्रुप बनाए और प्रत्येक ग्रुप का एक लीडर बनाया।
सभी स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर सर्वे किया। इसमें उन्होंने बस्ती के लोगों से समस्याओं के बारे में पूछा और जल, शिक्षा, शौचालय आदि से संबंधित समस्याओं के बारे में रिपोर्ट तैयार की। उन्होंने बस्ती के 100 से अधिक घरों का सर्वेक्षण किया, जिसमें मुख्य रूप से अशिक्षा, कूड़ादान न होने व घरों के आसपास गंदगी की समस्या पाई गई। साफ-सफाई को लेकर एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. रमेश कुमार व प्रो. प्रतिभा ने बस्ती के लोगों को जागरूक किया व हमारे जीवन में स्वच्छता की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर प्रो. निशा ने बच्चों को जीवन में सफाई के महत्व के बारे में बताया।
स्वयंसेवकों ने बाल्मीकि बस्ती में जाकर महिलाओं से बातचीत की और स्वच्छता व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के विषय पर जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं को स्वच्छ रहने तथा वातावरण को स्वच्छ रखने के कुछ टिप्स दिए। सभी एनएसएस स्वयंसेवकों ने बाल्मीकि मंदिर की सफाई की व मिट्टी से उबड़-खाबड़ जगह को समतल किया और नालियों की सफाई की। कॉलेज के प्रवीन कुमार व स्टाफ सदस्यों ने वाल्मीकि बस्ती में लगाए गए शिविर में पूरा सहयोग दिया।