नगर निगम हाउस की बैठक में मौजूद पार्षद प्रिंस, राम आसरे व विनोद मरवाह।
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। नगर निगम हाउस की पिछली बैठक में प्रस्ताव पास हुआ था कि सभी वार्डों में विकास कार्यों के लिए 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे। अब तक किसी वार्ड यह रुपया खर्च नहीं हो सका। गौरतलब है कि बुधवार को ग्रे-पेलिकन में हुई नगर निगम हाउस की बैठक में एक बार फिर पार्षदों को विकास की तस्वीर दिखाई गई। इस बार 25 लाख नहीं बल्कि डेढ़ करोड़ रुपये प्रत्येक वार्ड में खर्च करने का दावा किया गया। इसके साथ ही मेयर मदन चौहान ने एजेंडे में शामिल सभी 35 प्रस्तावों को बिना किसी चर्चा के पास कर दिया।
बैठक में पार्षदों ने पूछा कि 25 लाख रुपये तो मिले नहीं तब इस बावत मेयर मदन चौहान ने कहा कि अब डेढ़ करोड़ रुपये दे दिए हैं। इस दौरान वार्ड 13 की पार्षद निर्मल चौहान ने ही कहा कि बिना चर्चा के प्रस्तावों को पास कैसे कर सकते हैं। निर्मल चौहान ने कहा कि हाउस में पास प्रस्तावों पर कोई काम नहीं हो रहा। यदि कोई प्रस्ताव किसी दूसरे विभाग से संबंधित होता है तो उसे पास कर नहीं भेजा जाता। जिस कारण लोगों के काम नहीं हो पाते। उन्होंने डेवलपमेंट चार्ज दोबारा लिए जाने का विरोध भी किया।
हाउस में बुजुर्गों, विधवा महिलाओं व दिव्यांगों की पेंशन काट दिए जाने का ज्यादातर पार्षदों ने विरोध किया। पार्षद देवेंद्र सिंह, निर्मल चौहान व विनोद मरवाह ने कहा कि लोग किराया खर्च कर हमारे घर यह पूछने आ रहे हैं कि उनकी पेंशन बंद क्यों कर दी। हम लोगों को क्या जवाब दें। जिस पर जिला समाज कल्याण विभाग के सेक्शन ऑफिसर राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में करीब 36 हजार लोगों की पेंशन बंद हुई है। फैमिली आईडी में दिक्कत के चलते यह समस्या आई है। लोग सीएससी पर जाकर इसे ठीक करवा सकते हैं।
मेयर के लेटर हेड पर एजेंडा भेजने पर जताया एतराज
पार्षद निर्मल चौहान ने बैठक शुरू होने से पहले इस बात पर एतराज जताया कि उन्हें एजेंडा मेयर के लेटर हेड पर क्यों भेजा गया। पार्षद ने कहा कि यह हाउस की बैठक है न की मेयर की। इस बार यह बदलाव क्यों किया गया। जिस पर मेयर ने स्पष्टीकरण दिया कि उन्होंने अपने लेटर हेड पर एजेंडा सुपरिडेंट को भेजा था। इस बार सुपरिडेंट नया आया है जिन्होंने गलती से उनके लेटर हेड की ही फोटो कॉपी ही पार्षदों को भेज दी। वहीं पार्षद विनोद मरवाह ने प्रोसिडिंग रजिस्टर में ही पार्षदों की हाजिरी लेने का विरोध किया।