यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में एमआरआई कराने वाले लोगों के लिए गाड़ियों के चक्कर बढ़ा दिए हैं। पहले जो गाड़ी महीने में यमुनानगर से पंचकुला तक के लिए औसतन 10 चक्कर लगाती थी।
अब यह चक्कर 15 से 20 लगाएगी। लोगों के लिए एक नई गाड़ी भी बढ़ा दी है। जिससे एमआरआई कराने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर माह औसतन 200 मरीजों की एमआरआई कराई जा रही है।
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में पीपी मोड में मरीजों को सीटी स्कैन व एमआरआई की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने मणिपाल हेल्थमेप सीटी स्कैन सेंटर से अनुबंध कर रखा है। सीटी स्कैन तो जिले में ही हो जाता है लेकिन एमआरआई की सुविधा यहां पर उपलब्ध नहीं है।
इसलिए मणिपाल हेल्थमेप पंचकुला के सेक्टर-6 में अपने सेंटर पर लोगों की एमआरआई कराती है।
इसके लिए मणिपाल हेल्थमेप जिला नागरिक अस्पताल से रोजाना गाड़ी पंचकुला के लिए भेजती है। पहले यमुनानगर से रोजाना सुबह के समय एक गाड़ी पंचकुला जाती थी। परंतु गाड़ियों की संख्या को दो कर दिया गया है।
एक गाड़ी सुबह साढ़े सात बजे 12 लोगों और दूसरी गाड़ी दोपहर ढाई बजे सात मरीजों को लेकर जाएगी।
मणिपाल हेल्थमेप की तरफ से लोगों से गाड़ी का किराया नहीं लिया जाता। यह सुविधा मुफ्त में लोगों को उपलब्ध कराई जा रही है। यमुनानगर में एमआरआई की सुविधा केवल चार प्राइवेट सेंटरों पर उपलब्ध है।
सबसे ज्यादा एमआरआई कमर, सिर के रोगों का पता लगाने के लिए करवाई जा रही है। पीपी मोड पर पर अलग-अलग एमआरआई के लिए लोगों से 2090 से 5000 रुपये तक लिए जा रहे हैं।