संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं को भविष्य में समस्याओं को लेकर सामना नहीं करना पड़ेगा। अब जल्द ही 21 लाख रुपये की ग्रांट से पार्किंग व्यवस्था, मरम्मत तथा शौचालयों संबंधी कार्य किए जाएंगे। अगस्त के शुरुआती सप्ताह में बार को यह बजट मिलने की पूरी उम्मीद है।
दरअसल गत दिनों जिला बार एसोसिएशन में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने शिरकत की थी। तब बार प्रधान तथा अन्य अधिवक्ताओं ने उनके समक्ष कई समस्याएं रखी थी। इस पर मंत्री ने बार में होने वाले विकास कार्य के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। जिस पर तकरीबन मुहर लग चुकी है।
परिसर में तीन ब्लॉक बने हैं। जिनमें 384 चैंबर्स बने हैं वहीं 1600 अधिवक्ताओं की संख्या है। जोकि जिले के अलग-अलग हिस्सों से यहां आते हैं। लेकिन अधिवक्ताओं को कई बार पार्किंग जैसी समस्याओं से जूझना पड़ता है।
चूंकि छुट्टी के समय अधिवक्ताओं को अपने वाहनों को निकालने में परेशानी आती है, इसलिए यहां पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था की आवश्यकता है। जिला बार एसोसिएशन जिले के अधिवक्ताओं का एक संगठन है, जोकि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करने, कानूनी पेशे को बढ़ावा देने और न्यायपालिका के साथ सहयोग करने का काम करती है। एसोसिएशन समय-समय पर विभिन्न कानूनी जागरूकता कार्यक्रम, सेमिनार, और कार्यशालाओं का आयोजन करती है। इसके अलावा, यह अपने सदस्यों को आवश्यक सुविधाएं और सहायता भी प्रदान करती है।
एक सप्ताह में ग्रांट मिलने की उम्मीद : विक्रांत
बार एसोसिएशन के प्रधान विक्रांत चौहान का कहना है बार परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने पहुंच कर 21 लाख रुपये की ग्रांट की घोषणा की थी। सप्ताह में यह राशि मिलने की उम्मीद है। इससे अधिवक्ताओं के लिए पार्किंग, मरम्मत कार्य इत्यादि कार्य करवाए जाने हैं।