यमुनानगर जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। अब गैस सिलिंडर की डिलीवरी के बाद 25 दिन पूरे होने से पहले दूसरा सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। ऐसे में जिन परिवारों के पास केवल एक ही सिलिंडर है या दूसरा सिलिंडर भी खाली हो चुका है, उनके सामने रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। ऑनलाइन बुकिंग करने पर भी बुकिंग नहीं हो रही या एजेंसी का टोलफ्री नंबर डायल करने पर ओटीपी नहीं आ रहा।
हालात यह हैं कि कई परिवारों को मजबूरी में पड़ोसियों और रिश्तेदारों से सिलिंडर लेकर खाना बनाना पड़ रहा है। जिले में कुल 32 गैस एजेंसियां हैं जिनसे लोगों को घरेलू व कमर्शियल गैस सिलिंडरों की डिलीवरी होती है। माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है। हालांकि इस मामले में आधिकारिक रूप से कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं है।
जिले में गैस एजेंसियों की ओर से लागू किए गए इस नियम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि एक घरेलू गैस सिलिंडर औसतन 15 से 20 दिन तक ही चलता है। ऐसे में करीब एक सप्ताह तक बिना गैस के घर में खाना बनाना बड़ी समस्या बन गया है। सबसे अधिक दिक्कत उन परिवारों को हो रही है जिनके पास केवल एक ही गैस सिलिंडर है। ऐसे परिवारों को सिलिंडर खत्म होने के बाद कई दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं जिनके पास दो सिलिंडर हैं और उनमें से ज्यादातर सिलिंडर भी खाली है, उन्हें भी 25 दिन से पहले नया सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
सुभाष ने बताया कि अगले सप्ताह उसकी बेटी की शादी है। घर में शादी के कार्यक्रम होने के कारण गैस की खपत काफी बढ़ गई है। उसने अपनी कॉपी नंबर पर ऑनलाइन सिलिंडर बुक कराने की कोशिश की, लेकिन ओटीपी ही नहीं आया। ऐसे में अब उसे शादी के कार्यक्रमों को लेकर चिंता सता रही है।
विनोद कुमार ने बताया कि उनके घर का पूरा काम गैस चूल्हे पर ही होता है। ऐसे में एक सिलिंडर औसतन 18 से 20 दिन ही चलता है। जब उन्होंने नया सिलिंडर बुक कराने की कोशिश की तो बुकिंग नहीं हो पाई। इससे अब घर में खाना बनाने की समस्या खड़ी हो गई है। तेजली निवासी आशा रानी, स्नेहलता, कुसुम और प्रीतो देवी का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से लगातार सिलिंडर बुक कराने का प्रयास कर रहीं हैं, लेकिन बुकिंग नहीं हो रही है। घर का सिलिंडर भी खत्म होने वाला है। यदि समय पर गैस नहीं मिली तो रसोई चलाना मुश्किल हो जाएगा। संवाद
वर्जन:
अब सभी को डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा गैस सिलिंडर दिया जाएगा। इसे सिस्टम में एड कर दिया गया है। इसलिए लोग पहले सिलिंडर भी बुक नहीं कर पाएंगे। हालांकि फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है।
- वरूण कुश, नोडल ऑफिसर, एलपीजी यमुनानगर।