यमुनानगर। शामली और मुजफ्फरनगर के रूटों पर शनिवार से हरियाणा रोडवेज के यमुनानगर डिपो की बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इनमें शामली की बस जगाधरी बस स्टैंड से चलाई गई है, जिसका समय सुबह आठ बजे का रखा गया है। ऐसे ही मुजफ्फरनगर की बस का यमुनानगर बस स्टैंड से साढ़े आठ बजे का समय है। रोडवेज अफसरों की मानें तो दोनों रूटों पर यात्रियों का रुझान देख उक्त समय में परिवर्तन भी किया जा सकता है।
यमुनानगर में मेटल, प्लाई इंडस्ट्री के अलावा अन्य कई बड़े उद्योग हैं, जहां रोजगार के लिए काफी संख्या में पड़ोसी राज्य यूपी से लोग आते हैं। कई लोग यूपी से यहां शिक्षा व कारोबार के लिए भी आते हैं। ऐसे में यात्रियों की मांग पर ही शनिवार से यूपी के दो और रूटों शामली और मुजफ्फरनगर के लिए यमुनानगर डिपो की बसें शुरू की गईं हैं, वहीं सहारनपुर के लिए पहले से ही डिपो की ओर से बस संचालित की जा रही है। इससे डिपो की बसों के यूपी में कुल तीन रूट हो गए हैं। विदित हो कि पहले मेरठ व शामली रूटों पर भी डिपो की बस सेवा थी, पर दोनों रूट सालभर पहले बंद कर दिए थे। इनमें शामली बहाल करते हुए नए मुजफ्फरनगर रूट पर बस सेवा शुरू कर दी गई है।
जगाधरी से भी यूपी की सवारी लेने का प्रयास
पहले दिन शामली रूट की बस यमुनानगर बस स्टैंड के बजाय वाया जगाधरी बस स्टैंड से चलाई गई, जिससे जगाधरी से भी यूपी की ओर जाने वाली सवारियों को लिया जा सके। ऐसे ही मुजफ्फरनगर की बस को भी जगाधरी से चलाने की योजना है। क्योंकि जगाधरी में ही मेटल व अन्य उद्योग हैं, जहां यूपी के काफी लोग काम करते हैं। अब जगाधरी से दोनों रूटों की बसें चलने से इन्हें पांच किलोमीटर दूर यमुनानगर नहीं आना पड़ेगा बल्कि वह पहले ही जगाधरी से बस ले सकेंगे।
शामली व मुजफ्फरनगर रूटों पर यमुनानगर डिपो की बसें शनिवार से चला दी गई हैं। इसके लिए सुबह के समय निर्धारित किए गए हैं। आगे यात्रियों का रुझान देख समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
- भीम सिंह, ड्यूटी इंस्पेक्टर, यमुनानगर डिपो।
-