संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक आयोजित होने वाले स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट (सेट) का कार्यक्रम बदल दिया गया है। पहले यह परीक्षा 27 जुलाई से शुरू होनी थी। अब शिक्षा विभाग ने संशोधित डेटशीट जारी करते हुए परीक्षाएं तीन अगस्त से 10 अगस्त तक कराने का निर्णय लिया है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें जिले के करीब 20 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। नई डेटशीट सभी सरकारी विद्यालयों को भेज दी गई है और परीक्षा संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर स्कूलों में रिवीजन का दौर शुरू हो गया है।
शिक्षक निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ-साथ विद्यार्थियों की पुनरावृत्ति कक्षाएं भी ले रहे हैं, ताकि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच उसी दिन पूरी की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर अवसर एप पोर्टल पर विद्यार्थियों के प्राप्तांक अपलोड किए जाएं।
विभाग ने विशेष रूप से उन विद्यार्थियों पर अतिरिक्त ध्यान देने को कहा है, जिनकी शैक्षणिक प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर है। शिक्षकों को ऐसे विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त अभ्यास और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनके सीखने के स्तर का सही आकलन हो सके और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी भी मजबूत हो।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के विषयवार अधिगम स्तर का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर विभाग आगे की शैक्षणिक रणनीति तैयार करेगा और जिन विषयों में विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर रहेगा, वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
उप जिला शिक्षा अधिकारी करनेल सिंह संधावा ने बताया कि स्टूडेंट असेसमेंट टेस्ट की संशोधित डेटशीट जारी कर सभी विद्यालयों को भेज दी गई है। सभी स्कूलों को नए कार्यक्रम के अनुसार समय पर परीक्षा संचालन, उत्तर पुस्तिकाओं की जांच और अवसर एप पर परिणाम अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जा सके।
परीक्षा का नया शेड्यूल
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तीन अगस्त को कक्षा 9वीं की गणित व एनएसक्यूएफ, 10वीं की अंग्रेजी, 11वीं की हिंदी (कोर एवं इलेक्टिव), अर्थशास्त्र और गृह विज्ञान तथा 12वीं की इतिहास, भौतिकी, लेखाशास्त्र, कंप्यूटर साइंस और भूगोल की परीक्षा होगी। चार अगस्त को विभिन्न कक्षाओं की विज्ञान, हिंदी, इतिहास, भौतिकी, समाजशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, रसायन विज्ञान और राजनीति विज्ञान सहित अन्य विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 5 अगस्त को सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान और अन्य विषयों की परीक्षाएं होंगी। छह अगस्त को कक्षा 9वीं की हिंदी, ड्राइंग और पीएचई, 10वीं की गणित, 11वीं की अंग्रेजी तथा राजनीति विज्ञान और 12वीं की गणित, जीव विज्ञान, फाइन आर्ट्स, संगीत एवं मनोविज्ञान की परीक्षा निर्धारित की गई है। 7 अगस्त को अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और हिंदी सहित विभिन्न विषयों की परीक्षाएं होंगी। आठ व नौ अगस्त को कोई परीक्षा नहीं होगी, जबकि 10 अगस्त को अंतिम दिन 11वीं की फाइन आर्ट्स, संगीत, मनोविज्ञान और उद्यमिता तथा 12वीं की उद्यमिता एवं एनएसक्यूएफ विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।