जगाधरी। अपनों के साथ त्योहार मानने के लिए घर जाने की लोगों की डगर मुश्किल हो गई है। घर जाने के लिए ट्रेन में सीट नहीं मिल पा रही है। दीपावली पर घर जाने के लिए लोगों को सीट के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं, लेकिन आरक्षण नहीं मिल पा रहा है। तमाम ट्रेनें नो रूम स्टेटस पर चल रही हैं और बाकी सभी गाड़ियों में लंबी वेटिंग है।
उल्लेखनीय है कि सीट के लिए लोग सुबह ही आरक्षण केंद्र पर पहुंच जाते हैं, लेकिन किसी भी ट्रेन में सीट नहीं है। सीट की सबसे ज्यादा मांग पूर्वोत्तर भारत की ओर जाने वाली गाड़ियों में है। जिले में सबसे ज्यादा पूर्वोत्तर भारत के लोग रहते हैं। औद्योगिक नगरी होने के चलते यहां पर दूसरे राज्यों के तीन लाख से ज्यादा लोग काम करते हैं। यह होली, दिवाली, छठ व ईद इत्यादि त्योहारों पर अपने घर जाते हैं। दिवाली के चलते यहां से गुजरने वाली सभी गाड़ियों में भरी भीड़ है।
इन गाड़ियों में नो रूम और लंबी वेटिंग
अमृतसर से हावड़ा जाने वाली 13006 हावड़ा मेल में दिवाली तक नो रूम स्टेटस है। मात्र तीन दिन ही वेटिंग मिल पाएगी, जो 251 के पार चल रही है। एसी में भी वेटिंग 150 के पार है और 20 अक्तूबर के बाद वेटिंग भी नहीं मिल पा रही है। इसी तरह अमृतसर से जयनगर जाने वाली 14674 शहीद एक्सप्रेस में वेटिंग डेढ़ सौ के पार है। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन जाती है। फिरोजपुर से चलकर धनबाद जाने वाली 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस में छठ तक सीट नहीं है। वेटिंग तीन सौ तक पहुंच चुकी है। दिवाली व छठ के आसपास वेटिंग भी नहीं है। जम्मूतवी से चलकर कोलकाता जाने वाली 13151 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस में वेटिंग 386 तक पहुंच गई है। जबकि दीपावली के आसपास वेटिंग भी खत्म हो चुकी है। इसी तरह चंडीगढ़ से चलकर लखनऊ जाने वाली 12232 सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
बॉक्स
बिहार के दो दो के फेरों के साथ चलाई दो ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। त्योहार के चलते ट्रेनों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो विशेष ट्रेनें चलाई हैं। यह दोनों गाड़ियां बिहार के लिए चलाई गई हैं। एक ट्रेन अमृतसर से कटिहार के लिए और दूसरी फिरोजपुर से पटना के बीच चलाई गई है। रेलवे की ओर से यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर इनका ठहराव किया गया है। अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन ने बताया कि यात्रियों की भीड़ व सीट की मांग को देखते हुए दो अतिरिक्त गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।
अमृतसर से कटिहार के लिए 22 और 27 अक्तूबर को ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में 24 कोच लगाए गए हैं। अमृतसर से ट्रेन सुबह 8.10 बजे रवाना होगी और कटिहार अगले दिन शाम 4.30 बजे पहुंचेगी। इसे 04679-80 नंबर से चलाया जा रहा है। यमुनानगर जगाधरी पहुंचने का इसका समय करीब दो बजे होगा। वहीं कटिहार से यह ट्रेन दो बार 23 और 28 अक्तूबर को रवाना होगी। कटिहार से यह ट्रेन दोनों दिन रात आठ बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 4.30 बजे के करीब अमृतसर पहुंचेगी। यहां पहुंचने का इसका समय रात करीब दस बजे होगा। यह ट्रेन यमुनानगर जगाधरी के बाद सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गौंडा, बसी, गोरखपुर, छपरा, छपरा ग्रामीण, हाजीपुर, मुज्जफरनगर, समस्तीपुर, बरोनी, खगड़िया, मानसी, नोगाचिया पर भी रुकेगी। जबकि फिरोजपुर से पटना के बीच ट्रेन 04677-78 नंबर से चलाई जा रही है। जिसका संचालन 25 और 28 अक्तूबर को पटना के लिए किया जा रहा है। वहीं पटना से इसका संचालन 26 और 29 अक्तूबर को किया जाएगा।