रादौर। शहर के पक्का घाट पर बुधवार शाम पश्चिमी यमुना नहर में पैर फिसलने से लापता हुए नौ वर्षीय बच्चे कृष्णा का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका। प्रशासन की ओर से गुरुवार को पक्का घाट पर नाव भेजकर गोताखोरों की मदद से नहर में दिनभर बच्चे की तलाश करवाई गई। देर शाम तक अभियान जारी रहा। लेकिन बच्चे का सुराग नहीं लगा।
खेड़ा मोहल्ला निवासी राजेश कुमार का बेटा कृष्णा बुधवार दोपहर करीब तीन बजे पक्का घाट पर दो साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में जा गिरा और पानी के तेज बहाव में लापता हो गया। कृष्णा रादौर के सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। बच्चे के लापता होने के बाद से परिजन और स्थानीय लोग भी लगातार नहर में उसकी तलाश कर रहे हैं। थाना रादौर प्रभारी एसआई राजेश राणा ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए नाव और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि नहर में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।