संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। तीन दिन पहले शहर के पक्का घाट पर अचानक नौ वर्षीय बच्चा पश्चिमी यमुना नहर में पांव फिसल कर लापता हो गया था। शुक्रवार को भी प्रशासन की ओर से लगातार तीसरे दिन पश्चिमी यमुना नहर में नाव द्वारा लापता बच्चे की खोजने का कार्य करवाया गया। अभी तक बच्चे का कोई पता नहीं चला।
एसडीआरएफ की टीम व गोताखोरों ने तीसरे दिन नहर में लापता हुए बच्चे को खोजने के लिए धनौरा तक पश्चिमी यमुना नहर में बच्चे की तलाश की। नाव से गोताखोर अमर सिंह कांबोज, रामकेश, एसडीआरएफ की टीम के सदस्य राजेश, अरविंद आदि ने दिनभर लापता बच्चे की नहर में तलाश में जुटे रहे। लेकिन देर शाम तक भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया।
उधर लापता बच्चे के परिजन व स्थानीय लोग भी पिछले तीन दिन से बच्चे की नहर में तलाश कर रहे है। उल्लेखनीय है कि खेड़ा मोहल्ला निवासी राजेश कुमार का बेटा कृष्णा बुधवार की दोपहर को लगभग तीन बजे पक्का घाट पर अपने दो साथियों के साथ खेल रहा था। इस दौरान वह अचानक नहर में डूब गया। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया।
उनका बेटा कृष्णा सरकारी स्कूल रादौर में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। थाना रादौर प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि नहर में लापता हुए बच्चे की तलाश जारी है। बच्चे को खोजने के लिए नाव व गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, जिससे बच्चे की जल्द-से-जल्द तलाश की जा सके।