संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग को लेकर किसान पिछले 13 दिनों से सड़कों पर हैं। लेकिन उनकी सुध लेने के लिए अभी तक सरकार का कोई नुमाइंदा नहीं पहुंचा। न किसानों से बातचीत की पहल हुई और न ही उनकी मांगों पर कोई ठोस आश्वासन मिला। इससे किसानों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आंदोलन के चलते सरस्वती शुगर मिल का संचालन भी प्रभावित है और मिल प्रबंधन को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। गन्ने के भाव बढ़ाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी ने 15 नवंबर से सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरना शुरू किया था।
इसके बाद भारतीय किसान यूनियन रतनमान भी आंदोलन में शामिल हो गई। रतनमान गुट ने रादौर में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास पर धरना शुरू किया। बाद में दोनों यूनियनों ने मिलकर हरियाणा साझा संघर्ष मोर्चा बनाया। इसके बैनर तले 25 नवंबर से किसान शुगर मिल के यार्ड में धरना दे रहे हैं।
भाकियू चढूनी के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि गन्ने के भाव को लेकर पूर्व की सरकारों के समय भी ऐसे आंदोलन होते रहे हैं। तब सरकार किसानों से बातचीत करती थी। नतीजा भले ही कई दिन बाद निकलता था, लेकिन किसानों की बात सुनी जाती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय भाजपा विधायक किसानों के हक में अर्धनग्न होकर सड़क पर उतरते थे अब गन्ने के भाव को लेकर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं।
भाकियू रतनमान के जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि रादौर से विधायक एवं कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के लिए दिवाली का तोहफा बता चुके हैं। 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी से किसान को कौन सा तोहफा मिल गया।
शुगर मिल के 600 कर्मचारी खाली बैठे
गन्ने की आवक और शुगर मिल संचालन प्रभावित होने से किसानों के साथ प्रबंधन को भी नुकसान हो रहा है। मिल के करीब 600 कर्मचारी रोजाना सुबह हाजिरी लगाकर आते हैं और बिना काम किए शाम को लौट जाते हैं। मशीनरी के रखरखाव का खर्च भी लगातार जारी है। हालांकि दिसंबर में पेराई शुरू होने पर चीनी की रिकवरी बढ़ने की उम्मीद है। नवंबर में एक क्विंटल गन्ने से करीब 9.50 किलोग्राम चीनी मिलती है, जबकि दिसंबर में यह बढ़कर 10 से 10.50 किलोग्राम तक पहुंच जाती है।
मिल निर्धारित दाम देने के लिए तैयार : कुलदीप
सरस्वती शुगर मिल के सीईओ कुलदीप कुमार ने बताया कि मिल बंद रहने से प्रबंधन को रोजाना करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। करीब 600 कर्मचारी खाली बैठे हैं। सरकार गन्ने का जो भाव निर्धारित करेगी, प्रबंधन उसे देने के लिए तैयार है। दिसंबर में आने वाले गन्ने से चीनी की रिकवरी भी बढ़ जाती है।