संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अंबाला लोकसभा सीट से सांसद रतन लाल कटारिया का निधन होने के बाद प्रशासन जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कराना ही भूल गया। एक साल से अधिकारियों ने दिशा की बैठक ही नहीं कराई। जिससे केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कराए जाने वाले कई कार्य शुरू ही नहीं हो सके।
यहां तक की कई विभागों के अधिकारियों को ये भी याद नहीं है कि उनके कार्य क्षेत्र में कौन से काम होने थे। राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने सोमवार को लघु सचिवालय में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की अध्यक्षता करते हुए बैठक ली तो अधिकारी क्षेत्र में करवाए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी नहीं दे सके।
इस पर कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पिछले एक साल से बैठक नहीं कराने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें इस बैठक की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोकसभा के चुनाव से पहले कामों को पूरा करें। अधिकारी ये भी निर्धारित करें कि अधूरे कार्य कब तक पूरे हो जाएंगे और वह कार्य लंबित क्यों है। वह सरकार की योजना को समय रहते धरातल पर उतारें ताकि आम जनता को उसका लाभ समय से मिल सकें।
उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि सांसद स्व. रतन लाल कटारिया ने जो विकास कार्य करवाने के निर्देश दिए थे वह अभी तक पूरे नहीं हुए। कार्तिकेय शर्मा ने दिशा की बैठक में करीब 62 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की। केंद्र सरकार ने हरियाणा सरकार को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि प्रदान की है।
उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में ठोस व तरल कूड़ा प्रबंधन के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी युवाओं में नए आइडिया पैदा करें। अमृत सरोवर योजना को बढ़ावा देने के लिए सभी संबंधित अधिकारी जहां-जहां तालाबों की सफाई का कार्य चल रहा है वहां पर निरीक्षण करते रहें।
बैठक में उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, दीन दयाल अंत्योदय योजना, ग्रामीण कौशल योजना, ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, चिरायु स्वास्थ्य कार्ड योजना, डिजिटल इंडिया लैंड रिकार्ड कार्यक्रम, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति कार्यक्रम, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, गोवर्धन योजना, सर्व शिक्षा अभियान, मीड-डे मील योजना, डिजिटल इंडिया सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जब भी बैठक में आएं अपडेट होकर आएं। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ नवीन आहूजा ने एजेंडे के अनुसार सभी विभागों के विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। मौके पर एसीयूटी ज्योति, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, डीआरओ तरूण सहोता, सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।