यमुनानगर। जिले में कोरोना की स्थिति फिर से सुधर गई है। वीरवार को कोई कोरोना का नया केस नहीं आया है। डीसी पार्थ गुप्ता ने स्थिति के बारे में बताया कि एक कोरोना पॉजिटिव केस ठीक हो गया है। अब जिले में 6 सक्रिय केस हैं। ऐसे में जिले में कोविड-19 का रिकवरी रेट 98.50 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने बताया कि जिला में कुल आबादी का 52.23 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो गया है। अब तक जिले में कुल 30758 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। अब तक जिले में 30297 कोरोना पॉजिटिव केस ठीक हो चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा जारी कोविड-19 से बचाव की गाइड लाइनस की पालना करें। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि जिले में 6 सक्रिय कोविड पॉजिटिव केस हैं जिनमें से एक मरीज अस्पताल में दाखिल है व 5 मरीज होम आइसोलेशन है। अभी तक कुल 6,27,888 सैंपल ले लिए गए हैं, जिनमें से 5,92,326 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है तथा 546 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है।