पुलिस लाइन में लगाए गए आवासीय शिविर से लापता हुए सरस्वती नगर निवासी 29 वर्षीय सुशील कुमार का कोई सुराग नहीं लग पाया। सुशील कुमार नशे की लत छुड़ाने के लिए 30 अगस्त को शिविर में आया था। तीन सितंबर को वह शिविर से अचानक लापता हो गया था। तब से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए एसपी मोहित हांडा से मिले। पुलिस ने लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है। सरस्वती नगर निवासी छोटे लाल ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा सुशील कुमार बुरी संगत में पड़कर नशे का आदि हो गया था। जिसका इलाज सिविल अस्पताल में करवा रहे थे। उन्हें पता चला था कि सामाजिक संगठनों व पुलिस द्वारा पुलिस लाइन में आध्यात्मिक पुनर्वास आवासीय शिविर लगाया जा रहा है। जिसमें नशे की लत को दूर किया जा रहा है। जिसके बाद वह अपने बेटे सुशील कुमार को लेकर एसपी ऑफिस गया। जहां एक पुलिस कर्मी ने उसके बेटे का फार्म भरवाया। इसके बाद 30 अगस्त को वह अपने बेटे सुशील को आवासीय शिविर में लेकर आया। जहां उसे उपचार दिया गया। दो सितंबर को वह अपने बेटे से मिलने गया तो वह बिल्कुल ठीक था। तीन सितंबर को उसका बेटा आवासीय शिविर से चला गया। लेकिन वह न तो घर पहुंचा और न ही शिविर में पहुंचा। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। परिजनों ने एसपी को शिकायत देकर सुशील की तलाश करने की गुहार लगाई है। एसपी मोहित हांडा ने मामले की गंभीरता से देखते हुए इसकी जांच सीआईए को दी है।