नेशनल हाईवे नंबर-73 ए पर लक्कड़ मंडी के पास शनिवार रात को बाइक सवार
बदमाशों ने एक युवक से 90 हजार रुपये लूट लिए। सूचना मिलने के बाद सदर
पुलिस ने घटना स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र की
नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी, वहीं सदर थाना प्रभारी निर्मल का
कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला लेनदेन का लग रहा है।
फिलहाल मामले की
जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव गढ़ी
बंजारा निवासी बंसीलाल ने सदर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शनिवार
देर रात शेरपुर गांव से 90 हजार रुपये लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
जब वह मानकपुर लक्कड़ मंडी के पास पहुंचा, तो दो बाइकों पर सवार चार लोगों
ने उसे रोक लिया।
इससे पहले वह कुछ समझ पाता, चारों युवकों ने उसे पकड़
लिया और उससे 90 हजार रुपये छीनने का प्रयास किया। जब उसने उनका विरोध
किया, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बदमाश उससे 90 हजार
रुपये छीनकर फरार हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने जाते समय उसे जान से मारने
की धमकी भी दी। हालांकि उसने शोर भी मचाया, लेकिन रात को अंधेरे का फायदा
उठाकर बदमाश उसकी आंखों से ओझल हो गए।
इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस व
परिजनों को दी। सूचना मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने अन्य
पुलिस कर्मचारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और
मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रात को क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों
की तलाश शुरू कर दी। लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सदर थाना प्रभारी
निर्मल सिंह का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला लेनदेन का लग रहा है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।