हिंदू गर्ल्स कॉलेज में खेल उत्सव व वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कॉलेज को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित खेल दिवस के शुभारंभ की घोषणा प्राचार्या डॉ उज्ज्वल शर्मा ने की। बीएचएससी की अंजली बेस्ट एथलीट तथा कला संकाय की सपना बेस्ट स्पोर्ट वूमैन घोषित की गई।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल जगत में विश्व के मानचित्र पर हरियाणा अपनी पहचान बनाए हुए है। प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने देश के लिए पदक जीते हैं। सभी शिक्षण संस्थान खेल दिवस के माध्यम से युवाओं को वह मंच प्रदान करते हैं, जहां युवा स्पर्धा, होड़, हार-जीत की राह से होते हुए मेल-मिलाप की मंजिल प्राप्त करते हैं। हार-जीत की भावना से मुक्त होकर यदि छात्राएं खेल मैदान में उतरेंगी, तभी खेल दिवस की सार्थकता सिद्घ होगी। खेल उत्सव के दौरान 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, रस्सा दौड़, थ्री लैग्स रेस, लांग जंप, शॉट पुट, रस्सा रेस, ब्रिक रेस, हाई जंप, रस्साकसी आदि विभिन्न खेलों में छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने मार्च पास्ट व शपथ ग्रहण के पश्चात मशाल दौड़ में भी हिस्सा लिया।
जिम्नास्टिक, रोप मलखम तथा योग प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। छात्राओं द्वारा योग प्रदर्शन तथा बेटी पढ़ाओ के मूल मंत्र को प्रसारित करने वाली नुक्कड़ नाटिका भी प्रस्तुत की गई। शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्षा, डॉ. शारदा शर्मा ने खेल रिपोर्ट पढ़ी। खेलों के बाद पारितोषिक वितरण समारोह में खेलों में जीत हासिल करने वाली छात्राओं व वर्ष 2015-16 के दौरान शैक्षणिक एवं विभिन्न गतिविधियों में विजेता छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किए गए। मौके पर कॉलेज प्रधान राकेश मोहन, सचिव अशोक गर्ग, कोषाध्यक्ष यशपाल गुप्ता, पूर्व सचिव प्रमोद गर्ग तथा प्रबंधक समिति के सभी सदस्य भी मौजूद थे।