प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुधार व अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग को लेकर कस्बावासी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिलने का मन बना रहे हैं। खंड बिलासपुर के 125 गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की कमी है। जिस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोग लंबे अरसे से सिविल अस्पताल बिलासपुर को अगग्रेड करने की मांग कर रहे हैं।
पिछली कांग्रेस सरकार में सिविल अस्पताल बिलासपुर को पचास बैड का किया गया था, लेकिन डाक्टरों की कमी व इलाज करने के संसाधनों की कमी के चलते समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। कस्बे के नवनियुक्त सरपंच चंद्रमोहन कटारिया, मुन्नी लाल, लज्जा राम का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर स्वास्थ मंत्री अनिल विज से जल्द मिलने के लिए अंबाला जाएंगे और उनको समस्या से अवगत करवाएंगे।
उनका कहना है कि बिलासपुर खंड में अधिकतर इलाका घाड़ क्षेत्र का पड़ता है, जिसमें बहुत गरीब परिवार रहते हैं। यह क्षेत्र शिवालिक की पहाड़ियों के साथ लगता है। अस्पताल में न तो एक्सरे मशीन है न ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा है। इसी तरह ईसीजी की सुविधा भी नहीं है। जिससे निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाने को विवश होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि हादसे में घायलों को सिविल अस्पताल बिलासपुर लाया जाता है तो उन्हें यहां से यमुनानगर रेफर किया जाता है।
कुछ दिन पहले कस्बे में आए अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया के सामने भी समस्या रखा गई थी और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की थी। कस्बे के लोग अब इसी समस्या को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से अंबाला में मिलकर सिविल अस्पताल बिलासपुर में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की माग करेंगे।