प्राइवेट एंबुलेंस चालकों ने पीजीटी (पैसेंजर्स गुड टैक्स) के विरोध में आठ फरवरी से अनिश्चित कालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। हड़ताल में हरियाणा समेत एनसीआर इलाके के करीब आठ हजार एंबुलेंस चालक व आपरेटर भाग लेंगे। उक्त जानकारी प्राइवेट एंबुलेंस एसोसिएशन के जिला प्रधान दिनेश शर्मा ने एसोसिएशन की बैठक को संबोधित करते हुए दी।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय बैठक करनाल की जाट धर्मशाला में आयोजित हुई थी। जिसमें प्राइवेट एंबुलेंस एसोसिएशन के प्रदेश भर के सदस्यों ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस चालकों व ऑपरेटरों को प्रदेश सरकार ने आश्वासन दिया था कि उनका पीजीटी माफ कर दिया जाएगा। मगर प्रदेश सरकार ने 27 जनवरी को लेटर जारी कर टैक्स माफ नहीं किया है।
जिससे प्राइवेट एंबुलेंस चालकों व आपरेटरों में सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि इसी रोष स्वरूप प्रदेश स्तरीय बैठक में सरकार के खिलाफ लामबंद होने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल में यमुनानगर समेत पूरे प्रदेश व एनसीआर के प्राइवेट एंबुलेंस चालक व आपरेटर भाग लेंगे। इस अवसर पर गजेंद्र सिंह, सोमपाल, बुधी सिंह, अमित कुमार जैन आदि मौजूद थे।