शहर के व्यस्त रादौर रोड बाजार में अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कुछ दुकानदारों ने तो करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर पक्का अतिक्रमण किया हुआ है। जिला प्रशासन की अनदेखी के चलते यह समस्या विकराल रूप धारण करने लगी है।
रादौर रोड बाजार करियाना का मुख्य बाजार है। यहां जिले के अलावा आसपास के जिलों के व्यापारी भी माल खरीदने आते हैं। दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण सड़क लगातार संकरी होती जा रही है। इसका बुरा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ रहा है।
बाजार खुलते ही दुकानदार अपना सामान पांच से दस फुट तक सड़क पर रख लेते हैं। कई दुकानदारों ने अपनी दुकान से करीब सात-आठ फुट आगे तक पक्का निर्माण किया हुआ है। बाजार में कई दशक पहले पीडब्ल्यूडी ने सरकारी जमीन की हद दर्शाने वाली बुर्जी लगाई थी। वर्तमान में इस बुर्जी से काफी आगे तक दुकानदारों ने पक्का निर्माण करवा लिया है।
यहां जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में है। दुकानदारों द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए पक्के निर्माण को आज तक प्रशासन ने खाली करवाने की जहमत नहीं उठाई।
बाजार से रोज गुजरते हैं हजारों शहरवासी
जगाधरी-यमुनानगर रेलवे स्टेशन के पार दर्जनों कॉलोनियां हैं। इन कॉलोनियों में रहने वाले रोज ही शहर आते-जाते हैं। शहर मेें आने के लिए उन्हें रादौर रोड बाजार से गुजर कर आना पड़ता है। बाजार में आने वाले मालवाहक वाहन और रेहड़ियां सड़क पर खड़े कर दिए जाते हैं। इनमें घंटों माल की ढुलाई होती रहती है। इससे अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। यदि बाजार में कोई बड़ा वाहन आ जाए तो काफी देर तक जाम लगा रहता है।
रादौर रोड पर अतिक्रमण और जाम की समस्या काफी पुरानी है। प्रशासन की नरमी से दुकानदारों का हौसला बढ़ रहा है। प्रशासन को इससे सख्ती से निपटना चाहिए।
प्रवीण वर्मा, उपप्रधान, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल
रादौर रोड बाजार में लगने वाले जाम की वजह दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण है। यदि सभी दुकानदार अतिक्रमण न करने पर सहमत हो जाएं तो इस समस्या से निपटा जा सकता है।
राकेश वर्मा, जनरल सेक्रेटरी, उद्योग व्यापार मंडल
बाजार में जाम का नुकसान दुकानदारों को भी होता है। इससे उनकी दुकानदारी प्रभावित होती है। नगर निगम प्रशासन को चाहिए कि दुकानदारों के साथ मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले।
विक्रम चौहान, प्रदेश महासचिव, उद्योग व्यापार मंडल
बाजार में जिस दुकानदार ने पक्का अतिक्रमण किया है, उसे तोड़ा जाना चाहिए। दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। बाजार में दोपहर एक बजे से पहले भारी वाहनों की इंट्री बंद होनी चाहिए। इससे जाम की समस्या दूर हो सकती है।
महेंद्र मित्तल, प्रदेशाध्यक्ष, उद्योग व्यापार मंडल
14 अक्तूबर को हाउस की बैठक है। इसमें रादौर रोड बाजार सहित अन्य बाजारों में किए गए अतिक्रमण का मुद्दा शामिल किया जाएगा। बैठक के बाद अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरोज बाला, मेयर, नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी