बुड़िया व अमादलपुर रोड जल्द ही एलईडी लाइटों से जगमगाएंगे। बुड़िया मार्ग पर एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। 30 लाख रुपये की लागत से सप्ताह भर में बुड़िया मार्ग जगमगा उठेगा। इसके बाद अमादलपुर मार्ग पर भी एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। दोनों मार्गाें पर स्ट्रीट लाइट लगने से जहां हादसों पर अकुंश लगेगा, वहीं अपराधिक घटनाओं में कमी आएगी।
नगर निगम की ओर से मई-जून माह में बीकेडी (बुड़िया-खदरी-देवधर) मार्ग पर बुड़िया चौक से बुड़िया गुरुद्वारे तक स्ट्रीट लाइट के लिए पोल लगाए गए थे, लेकिन काफी समय तक इन पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी। बुड़िया मार्ग पर तीस लाख रुपये में करीब चार किलोमीटर तक 84 पोल लगाए गए हैं।
इसके अलावा अमादलपुर रोड पर दस लाख रुपये की लागत से बुड़िया चौक से लेकर गांव भगवानगढ़ तक 10 पोल लगाए गए हैं। बुडिय़ा रोड पर इन पोलों पर एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि सप्ताह भर में पूरे बुड़िया मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
30 से अधिक गांवों के हजारों लोग निकलते हैं रोजाना
बुड़िया मार्ग से कस्बे समेत क्षेत्र के लगभग 30 से अधिक गांवों के हजारों लोग रोजाना जगाधरी व यमुनानगर अपने काम के सिलसिले में आते-जाते हैं। इसके अलावा बीकेडी रोड नेशनल हाईवे 73ए को बुड़िया चौक से खिजराबाद तक आपस में जोड़ता है। मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी। इस मार्ग पर रात के समय अंधेरा रहने से वाहन चालक रात को यहां से निकलने में कतराते हैं।
बुड़िया गुरुद्वारा जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी होगा लाभ
बुड़िया स्थित गुरुद्वारा में श्रद्धालु जगाधरी व यमुनानगर से अल सुबह ही पहुंचना शुरू हो जाते हैं। इस मार्ग पर लाइट नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को अंधेरे में गुरुद्वारा में आना पड़ता है। रविवार व कई विशेष दिनों पर श्रद्धालु पैदल ही अंधेरे में गुरुद्वारा आते हैं। लेकिन स्ट्रीट लाइट लगने से श्रद्धालुओं को अंधेरे से परेशान नहीं होना पड़ेगा। एलईडी की जगमगाहट से श्रद्धालुओं की राह और सुगम हो जाएगी।
अपराधिक घटनाओं व हादसों में आएगी कमी
अंधेरा होने के कारण अक्सर बुड़िया व अमादलपुर मार्ग पर लोग लूटपाट का शिकार होते हैं। इसके अलावा अंधेरे के कारण हादसे भी होते हैं। एलईडी स्ट्रीट लाइट लगने से इन घटनाओं पर अंकुश लगेगा। वहीं अंधेरा का फायदा उठाकर भागने वाले आरोपियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। इसके अलावा बुड़िया मार्ग में पाती वाला मोड़ सहित कई ऐसे प्वाइंट है, जहां अंधेरे व अन्य कारणों के चलते हादसे होते हैं। मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगने से हादसों में कमी आएगी।