बेटी को घूरने का विरोध जताने गई महिला को पड़ोसी दंपती ने पीटा
बेटी से छेड़छाड़ करने का भी आरोपी, दंपती नामजद
संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सेक्टर 17 थाना क्षेत्र की एक महिला ने पड़ोसी दंपती पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी दंपती उनसे रंजिश रखते हैं। आरोपी व्यक्ति पर उसकी 17 वर्षीय बेटी के साथ भी छेड़छाड़ करने का भी आरोप है। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपी दंपती पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक महिला ने बताया कि उसके पति व्यापार के सिलसिले में दुबई में रहते हैं। घर पर वह अपनी दो बेटियों व बेटे के साथ रहती है। आरोप है कि उनका पड़ोसी जसवंत उनसे रंजिश रखता है। बच्चों के साथ भी वह अभद्र व्यवहार करता है। दो दिन पहले 17 वर्षीय बेटी मंदिर में जा रही थी। तभी आरोपी जसवंत ने बेटी को बुरी तरह से घूरा। इस बारे में बेटी ने घर आकर बताया तो आरोपी की पत्नी से इस बारे में बात की। जिस पर वह तैश में आ गई और गाली गलौज करने लगी। जसवंत भी वहां पर पहुंच गया। जिसने उससे गाली गलौज व मारपीट की। उसकी बेटी को गलत नियत से पकड़ा। बाद में आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी व उसकी पत्नी उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।