जगाधरी। मेयर सुमन बहमनी बुधवार को जगाधरी नगर निगम कार्यालय पहुंची। यहां उन्होंने निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनता संबंधित कोई भी कार्य हो उसमें कोताही न बरती जाए, लापरवाही सामने आने पर बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले हर नागरिक की समस्या को ध्यान से सुने। जो भी उसका कार्य है, उसे समय पर कराए। ड्यूटी के दौरान कोई भी कर्मचारी व अधिकारी अपनी सीट से गायब न हो, यदि किसी अधिकारी व कर्मचारी को जरूरी कार्य से फील्ड या अन्य कार्यालय में जाना है तो वह मूवमेंट रजिस्टर में समय के साथ अपनी मूवमेंट भरकर जाए।
नहीं रहनी चाहिए जनसेवा में कोई कमी
मेयर ने कहा कि निगम की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान होना चाहिए। किसी भी हाल में सेवा में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। समय पर शहरवासियों के कार्यों को पूरा करना और जनता के सवालों का तुरंत जवाब देना निगम अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है। मेयर ने इस अवसर पर सभी से सहयोग की अपेक्षा की और निगम की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए उनके योगदान का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वार्ड पार्षदों के साथ तालमेल बनाकर शहर की समस्याओं को दूर करें। जिस वार्ड में जो भी कार्य होने है, उन्हें निर्धारित समय पर कराए। नए विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार कर टेंडर लगाए। जो कार्य अभी लंबित है, उन्हें तुरंत कराकर जनता को सुविधाएं प्रदान करें।