यमुनानगर। सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसे लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से प्रदेशभर के डीसी, एसपी व वरिष्ठ अधिकारियों से लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम विंडो सरकार और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। इसलिए हर शिकायत का समाधान समयबद्ध और संतोषजनक ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से सीएम विंडो पोर्टल की मॉनिटरिंग करने और शिकायतकर्ता को समाधान की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में डीसी प्रीति ने कहा कि अधिकांश विभाग सीधे जनता से जुड़े हैं, इसलिए अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और मौके पर ही समाधान का प्रयास करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना शिकायतकर्ता की बात सुने शिकायत का निपटारा करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने सभी विभागों को 30 मई तक जनगणना कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए। वहीं शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग को एचपीवी वैक्सीन अभियान में तेजी लाने और 14 से 15 वर्ष की लड़कियों को वैक्सीन के प्रति जागरूक करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में एसपी कमलदीप गोयल, एडीसी नवीन आहूजा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।