जगाधरी। डीजी फुटबॉल टूर्नामेंट विजेता का खिताब जिले के खिलाड़ियों के सिर सजा है। जिले की नरेंद्र थापा वॉरियर्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीजी फुटबॉल ट्रॉफी अपने नाम की है। यह टूर्नामेंट दशहरा ग्राउंड में खेला गया था।
विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट में यमुनानगर, करनाल, अंबाला, कालका, देहरादून की कुल 10 टीमों ने भाग लिया। इस में अंडर-21 आयु वर्ग के 8ए साइड नॉक आउट मैच करवाए गए थे। फाइनल में नरेंद्र थापा वॉरियर्स की टीम ने दशहरा ग्राउंड फुटबॉल क्लब टीम को 3-0 के अंतर से हराकर मैच जीत लिया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्यातिथि जिला फुटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष भारत भूषण जुयाल ने किया। वहीं, विशिष्ट अतिथि संघ महासचिव नरेंद्र चुघ, रेजिडेंशन सोसायटी दशहरा ग्राउंड प्रधान डॉ. नितिन वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश भारद्वाज रहे। समापन समारोह में भाजपा नेता मनदीप कंडेला मुख्यातिथि और गारमेंट कारोबारी नितिन गुप्ता विशिष्ट अतिथि रहे। इस टूर्नामेंट में कुल नौ टीमों ने भाग लिया, जिनमें से फाइनल मैच नरेंद्र थापा वाॅरियर्स और दशहरा ग्राउंड फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। फाइनल मैच में नरेंद्र थापा वाॅरियर्स टीम ने दशहरा ग्राउंड फुटबॉल क्लब को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस नॉक आउट टूर्नामेंट में कुल 10 मैच खेले गए। हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर होती रही। फाइनल मैच के पहले हाफ में नरेंद्र थापा वॉरियर्स के निर्भय थापा ने शानदार तकनीक दिखाते हुए एक गोल करके अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।