संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। युवा क्रिकेट क्लब की ओर से गांव धौडंग में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया। जिसमें क्षेत्र की लगभग 28 टीमों ने भाग लिया। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नाहरपुर व बहादुरपुर की टीमों के बीच खेला गया। नाहरपुर की टीम ने बहादुरपुर की टीम को 15 रनों से हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने किया। प्रतियोगिता में बहादुरपुर की टीम ने टॉस जीतकर नाहरपुर की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। नाहरपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पांच ऑवर में तीन विकेट खोकर 86 रन बनाए। नाहरपुर की टीम ने सद्दाम ने 14 गेंदों पर ताबड़तोड़ 46 रन बनाए।
वहीं गोलू ने 16 रन बनाए। जवाब में बहादुरपुर की टीम निर्धारित पांच ओवरों में 71 रन ही बना सकी। प्रतियोगिता में विजेता रही नाहरपुर की टीम को मुख्यातिथि सुभाष गुर्जर ने ट्राफी व 21 हजार रुपये की राशि प्रदान की। वहीं उपविजेता रही बहादुरपुर की टीम को 11 हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में पुनीत बहादुरपुर मैन ऑफ दी सीरीज रहा। जिसे रेंजर साइकिल व चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सुभाष गुर्जर ने कहा कि प्रतियोगिताओं से भरे जीवन में युवाओं के लिए खेल संघर्ष का मजबूत रास्ता हो सकता है। इस अवसर पर क्लब के प्रधान विक्की सैनी, पंडित अभी शर्मा, मनदीप सैनी, विजय सैनी, अभी सैनी, मुकुल विजय सिंह आदि मौजूद रहे।