संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दामला स्थित हीरा प्लाईवुड फैक्टरी के समीप ट्रॉली में लदी लकड़ियों की जांच करते समय पैर फिसल कर गिरने से मुंशी की मौत हो गई। मृतक की पहचान भिवानी शहर के 53 वर्षीय राजेश शर्मा के रूप में हुई। थाना सदर यमुनानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजेश कई वर्षों से दामला की हीरा प्लाईवुड फैक्टरी में मुंशी के पद पर काम कर रहे थे। परिवार के साथ दामला में ही रह रहे थे। राजेश के बेटे टिंकू ने बताया कि उनके पिता रविवार की सुबह आठ बजे घर से फैक्टरी पर काम के लिए गए थे। दोपहर में फैक्टरी के एक कर्मचारी ने उन्हें मोबाइल पर कॉल कर बताया कि पिता ट्रॉली से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना पाकर फैक्टरी पहुंचे, जहां से पिता को अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
फैक्टरी कर्मियों का कहना है कि राजेश ट्रॉली के ऊपर चढ़कर उसमें लदी लकड़ी जांच रहे थे, इसी दौरान उनका पैर फिसलने से वह नीचे गिर गए थे। टिंकू ने बताया कि उसकी 28 वर्षीय बहन विवाहित है। वह और भाई अविवाहित है। पिता की हादसे में मौत से परिवार को बड़ा झटका लगा है। थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।