संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम ने जगाधरी में 26 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में आयोजित होने वाली नशे के खिलाफ मैराथन की तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने मंगलवार को अधिकारियों की टीम के साथ मैराथन रूट का निरीक्षण कर सड़क की हालत और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पूरे मार्ग को गड्ढामुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जाए।
नगर निगम आयुक्त ने अंबाला रोड, जगाधरी-पांवटा साहिब रोड, व्यासपुर मार्ग और बाईपास रोड सहित मैराथन के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि धावकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयुक्त ने पूरे रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई की जाए, झुके हुए पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कर मार्ग को पूरी तरह साफ किया जाए।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी संकेतक, साइनेज और आवश्यक रोड मार्किंग का कार्य भी समय रहते पूरा किया जाए ताकि मैराथन के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रूट का भौतिक सत्यापन भी किया। आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को प्रतिदिन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित यह मैराथन 26 जुलाई को सुबह 5:15 बजे जगाधरी के मटका चौक से शुरू होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 10 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में पहले 10 स्थान प्राप्त करने वाले युवक और युवतियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से दूर रहने का संदेश देने का माध्यम भी बनेगा। प्रशासन का प्रत्येक विभाग आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, मृणाल जायसवाल तथा कनिष्ठ अभियंता गगन संधू, अभिषेक शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
नशे से जंग की दौड़ में 15,402 ने कराया पंजीकरण
यमुनानगर। नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से 26 जुलाई को आयोजित होने वाली नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो-नशे से जंग, यमुनानगर के संग जिला स्तरीय दौड़ को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि मंगलवार शाम तक 15,402 नागरिक इस दौड़ के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें 8,369 पुरुष, 7,016 महिलाएं और 17 अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और दिल्ली से भी लोगों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः एक लाख, 75 हजार और 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। संवाद