मीराबाई बाजार से अतिक्रमण हटाते निगम कर्मी। प्रवक्ता
यमुनानगर। शहर को सुंदर, व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रयासरत है। शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने रेलवे रोड व मीरा बाई बाजार से अतिक्रमण हटवाया। निगम अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर दुकानदारों को सामान जब्त करने की चेतावनी दी।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर वार्ड 1 से 7 तक सीएसआई हरजीत सिंह, वार्ड 8 से 15 तक सीएसआई अनिल नैन व वार्ड 16 से 22 तक सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ दस्ते बनाए गए हैं। शुक्रवार को एसआई सतबीर व होमगार्ड के जवानों की टीम ने पहले रेलवे रोड पर शहीद भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक तक अतिक्रमण हटाया। इस दौरान दुकानदारों ने स्वयं दुकानों के बाहर सड़क पर रखा सामान उठाकर दुकानों के भीतर रखना शुरू कर दिया। एसआई सतबीर सिंह ने दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के बारे समझाया। टीम ने उन्हें चेतावनी दी कि यदि फिर से अतिक्रमण किया तो सामान जब्त किया जाएगा और चालान होगा। अतिक्रमण हटाने के साथ ही निगम द्वारा सफाई भी कराई गई। इसके बाद निगम की टीम मीरा बाई मार्केट पहुंची। टीम ने पेपर मिल गेट से मीरा बाई मार्केट से अतिक्रमण हटाना शुरू किया गया। जैसे ही निगम की टीम ने दुकानों के बाहर से सामान हटाना शुरू किया तो निगम की कार्रवाई को देख दुकानदार स्वयं अपना सामान उठाकर अंदर रखने लगे। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क पर सामान न रखने के लिए जागरूक किया और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर सड़क पर सामान रखा तो उसे जब्त करने के साथ चालान किया जाएगा। सीएसआई अनिल नैन ने कहा कि अतिक्रमण से लोगाे को काफी परेशानी होती है। इसके अलावा यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनी रहती है।