नगर निगम कार्यालय में नारेबाजी कर रोष प्रकट करते दमकल व सफाई कर्मचारी। संवाद
यमुनानगर। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की संयुक्त राज्यव्यापी हड़ताल वीरवार को 15वें दिन भी जारी रही। नगर निगम परिसर में एकत्रित पालिका और फायर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
नगरपालिका शाखा प्रधान पपला, दमकल के प्रधान विजेंद्र सिंह, नगरपालिका सह सचिव संजीत तिगरा, दमकल सचिव रिंकू कुमार नगरपालिका राज्य प्रेस सचिव एवं अग्निशमन राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि 20 से 25 अगस्त तक कर्मचारी संगठन सभी विधायकों, सांसदों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से संपर्क कर आंदोलन का समर्थन करने और सरकार पर मांगों का समाधान करने का दबाव बनाने की अपील करेंगे। इसी कड़ी में 21 अगस्त को यमुनानगर के भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा के आवास पर प्रदर्शन कर उन्हें मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। विधायक से आगामी विधानसभा सत्र में पालिका और फायर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करने और 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को लागू करवाने की मांग की जाएगी। यदि इसके बाद भी समझौते को लागू नहीं किया गया तो दलित, सामाजिक, राजनीतिक, कर्मचारी, मजदूर और किसान संगठनों से बातचीत कर बड़ी महापंचायत आयोजित करने की तैयारी की जाएगी।
गुलशन भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सरकार 13 मई के समझौते से पीछे हट गई है। उन्होंने बताया कि वार्ता में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता और पक्की नौकरी, अनुबंधित ड्राइवरों व फायरमैनों को पक्का करने तथा वर्दी भत्ता समेत 17 मांगों पर सहमति बनी थी। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 21 अगस्त तक सरकार ने सहमति बनी मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं किए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है।