पुराना रादौर रोड से गुजरता ट्राला। संवाद
यमुनानगर। शहर के पुराना सहारनपुर रोड पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से व्यापार प्रभावित हो रहा है। सड़क संकरी होने और दिनभर ट्रक व ट्रालियों के खड़े रहने से यहां पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय कारोबार के साथ खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सुभाष चंद, सुशील कुमार, नरेश, रामरतन, विक्की और राजकुमार ने बताया कि रोजाना बड़ी संख्या में ट्रक ओवरब्रिज से होकर गुजरते हैं। कई बार सड़क किनारे माल उतारने के लिए ट्रक और ट्रालियां खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे सड़क और संकरी हो जाती है। इस दौरान कोई बड़ा वाहन फंस जाए तो पूरे क्षेत्र में लंबा जाम लग जाता है और लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई बार चालकों को यहां वाहन खड़े न करने के लिए कहा गया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। व्यापारियों के अनुसार पहले महाराजा अग्रसेन चौक के पास बैरिकेड्स लगे हुए थे, जिससे ओवरलोड ट्रक और ट्रालियां इस मार्ग से नहीं गुजर पाती थीं। कुछ समय पहले बैरिकेड्स टूट जाने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। अब ओवरलोड ट्रक धड़ल्ले से शहर के बीचोंबीच होकर ओवरब्रिज से सहारनपुर की ओर निकल रहे हैं, जिससे पूरे दिन यातायात प्रभावित रहता है।
उन्होंने बताया कि पुराना सहारनपुर रोड थोक किराना बाजार के रूप में जाना जाता है, जहां उचित दामों पर सामान मिलने के कारण बड़ी संख्या में छोटे दुकानदार और आम लोग खरीदारी के लिए आते हैं। सड़क पर ट्रकों की आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यहां पहुंचना मुश्किल होता जा रहा है। लोगों का सुझाव है कि प्रशासन और व्यापारियों को मिलकर व्यवस्था बनानी चाहिए, ताकि दिन के समय ट्रकों से माल उतारने के बजाय रात के समय यह कार्य कराया जाए। इससे दिन में बाजार आने वाले ग्राहकों को राहत मिलेगी और यातायात भी सुचारु रह सकेगा। व्यापारियों ने प्रशासन से टूटे बैरिकेड्स दोबारा लगाने और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल का कहना है कि प्रशासन को इस समस्या का समाधन करना चाहिए। बाजार से भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगानी चाहिए। संवाद