संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। लगातार हुई बारिश के बाद मंगलवार को जैसे ही धूप खिली, छछरौली क्षेत्र के लोगों को प्रकृति का बेहद खूबसूरत और दुर्लभ नजारा देखने को मिला। वातावरण पूरी तरह साफ होने और प्रदूषण कम होने के कारण छछरौली क्षेत्र से लगभग 80 किलोमीटर दूर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की पर्वत शृंखलाएं बिल्कुल स्पष्ट दिखाई दीं।
पहाड़ इतने नजदीक प्रतीत हो रहे थे मानो वे महज पांच-छह किलोमीटर की दूरी पर हों। सुबह से ही साफ मौसम और नीले आसमान के बीच सिरमौर की पहाड़ियों का मनमोहक दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। कई लोग ऊंचे स्थानों पर पहुंचकर इस प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते नजर आए। युवाओं और फोटोग्राफी के शौकीनों ने मोबाइल कैमरों में इस अनोखे दृश्य को कैद किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद जब वातावरण पूरी तरह प्रदूषण मुक्त हो जाता है, तभी इस तरह का दुर्लभ नजारा देखने को मिलता है। उनका मानना है कि छछरौली क्षेत्र से हिमाचल की पर्वत शृंखलाओं का इतना स्पष्ट दृश्य प्रकृति की अनमोल सौगात है, जो हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।
पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. अजय गुप्ता का कहना है कि बारिश के बाद वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक तत्व नीचे बैठ जाते हैं, जिससे दृश्यता कई गुना बढ़ जाती है। यही कारण है कि सामान्य दिनों की तुलना में इस बार सिरमौर की पहाड़ियां बेहद स्पष्ट दिखाई दीं। बारिश के बाद साफ मौसम और हिमालय की तलहटी के इस अद्भुत दृश्य ने छछरौली क्षेत्र के लोगों को प्रकृति के और भी करीब ला दिया। पूरे दिन लोग इस मनोरम दृश्य की चर्चा करते रहे।