बूड़िया। क्षेत्र के गांव सुघ से सोमवार को लापता हुए राम कुमार (52) का शव गांव के ही तालाब मेें बरामद किया गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि पांव फिसलकर तालाब में डूबने से उनकी मौत हुई है। सूचना मिलने पर बूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। परिजनों का किसी पर कोई आरोप नहीं है।
सुघ निवासी अमित कुमार ने बताया कि पांच सितंबर को उसके पिता राम कुमार दोपहर करीब डेढ़ बजे खाना खाकर घूमने के लिए निकले थे। लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं आए। उन्होंने अपने स्तर पर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया था। रिश्तेदारों व परिचितों के यहां भी पूछताछ की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा था। जिसके बाद मंगलवार को उन्होंने उनकी गुमशुदगी की शिकायत बूड़िया पुलिस को दी थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच की। बुधवार शाम को कुछ लोगों ने एक व्यक्ति का शव गांव के तालाब में पड़ा हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद ग्रामीणों की मौके पर भीड़ लग गई। लोगों ने शव को बाहर निकाला। शव पर कोई चोट का निशान नहीं था। जिसके बाद उसकी शिनाख्त राम कुमार के रूप में की गई। बूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।