संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र में फूसगढ़ ठेके के पास लिफ्ट लेकर एक बदमाश ने बाइक सवार कारपेंटर को लूट लिया। बदमाश उसकी बाइक व मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कान्हड़ी कलां निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा मुकेश कारपेंटर का काम करता है। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह वह महाराणा प्रताप चौक के पास काम करने के लिए अपनी बाइक पर आया था। रात को वह काम खत्म करके अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। जब उसका बेटा फूसगढ़ ठेके के पास पहुंचा तो वहां उसे एक युवक मिला।
आरोपी ने उसके बेटे को बताया कि वह महरमपुर का है। आरोपी ने उसके बेटे से महरमपुर तक लिफ्ट ली है। इस दौरान आरोपी युवक उसके बेटे की बाइक चलाने लगा और उसके बेटे को पीछे बिठा लिया। कुछ दूरी पर चलने के बाद आरोपी ने बाइक को पीछे मोड़ लिया। जब उसके बेटे ने उसे पीछे जाने का कारण पूछा तो आरोपी ने उसे धमकाया। आरोपी उसके बेटे को फूसगढ़ से मंडेबरी जाने वाले मार्ग पर ले गया और रेलवे लाइन की पटरी के पास जाकर आरोपी ने एक सीमेंट की सड़क पर बाइक मोड़ ली।
आरोपी ने उसके बेटे से मोबाइल छीन लिया और उसे उतार कर बाइक लेकर वर्कशॉप की तरफ फरार हो गया। किसी तरह उसके बेटे ने इसकी सूचना डायल 112 व उसे बताई। पुलिस के साथ वह भी मौके पर पहुंच गया। बेटे ने आपबीती उसे बताई। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।