संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन में तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। मुकंद पब्लिक स्कूल और मुकंद लाल नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए।
रैली स्कूल परिसर से शुरू होकर संतपुरा गुरुद्वारा, छोटी लाइन, जीएनजी कॉलेज सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए वापस स्कूल पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति और स्वच्छता से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। तिरंगा हाथों में लेकर निकले विद्यार्थियों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
विद्यार्थियों ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज का सम्मान करने की अपील भी की। इस दौरान विद्यार्थियों ने चार-बिन कचरा पृथक्करण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और अन्य कचरे को अलग-अलग रखने व कचरे का सही तरीके से पृथक्करण करने का संदेश दिया गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने कहा कि नागरिक हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। साथ ही शहर को स्वच्छ बनाने के लिए चार-बिन के अनुसार कचरा अलग-अलग करें। स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार, आकाश और गगन ने कहा कि कचरा पृथक्करण स्वच्छ शहर की पहली सीढ़ी है।