आईटीआई के पांचवें ऑफलाइन दाखिला प्रक्रिया के लिए शनिवार को छुट्टी के दिन भी संस्थान खोले गए। दाखिला समिति सदस्य सुबह नौ बजे संस्थान पहुंच गए, लेकिन इस बार भी शनिवार को विद्यार्थियों की संख्या न के बराबर रहे। ओपन काउंसलिंग सत्र में जहां रोज 150 से ज्यादा विद्यार्थी पहुंच रहे थे, वहीं शनिवार को मात्र 25 विद्यार्थी ही संस्थान पहुंचे। इस दौरान सिर्फ 18 ने ही दाखिला लिया।
दाखिले के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्बाध प्रक्रिया चलती रहे इसके लिए छुट्टी के दिन भी संस्थान खोलने के आदेश निदेशालय ने दिए हैं। प्रक्रिया शुरू होने से अब तक हर शनिवार व रविवार को संस्थान खोले गए, लेकिन इस दौरान किसी भी सप्ताहांत पर 18 से ज्यादा दाखिले नहीं हुए। इस बार भी ऐसा ही हुआ।
दाखिला समिति सदस्य 12 बजे तक खाली बैठे रहे। इसके बाद विद्यार्थियों का आना शुरू हुआ। दो बजे तक कुल 25 विद्यार्थियों ने मेरिट कार्ड जमा करवाए। इसके बाद नई मेरिट लिस्ट जारी की गई। इस दौरान 22 विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई, लेकिन इसमें से 18 ने दाखिला लिया।
आईटीआई के ओपन काउंसलिंग में काफी विद्यार्थी दाखिला लेने पहुंच रहे हैं। चार चरण के बाद नोडल आईटीआई में कुल 396 सीट बाकी थी, जिसके लिए नौ अगस्त को पांचवें चरण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान तीन दिन में संस्थान की 250 सीटें भर गई। अभी कुल 150 सीटें ही बाकी हैं।
आईटीआई के वरिष्ठ अनुदेशक एवं दाखिला नोडल अधिकारी पवन कांबोज ने बताया कि ओपन काउंसलिंग में सीधे दाखिला दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के दस्तावेजों की साथ ही जांच की जा रही है। फीस देने वाले विद्यार्थियों का ही दाखिला पक्का होगा। उन्होंने कहा कि ऑफलाइन चरण में सीट पाने वाले विद्यार्थियों को दस्तावेजों की जांच के बाद दाखिला दिया जाएगा। दाखिला मिलने के बाद विद्यार्थियों को एक सप्ताह के भीतर कक्षा में जाना होगी।
ऐसा न करने वाले विद्यार्थियों का दाखिला रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रविवार को संस्थान बंद रहेगा और दाखिला प्रक्रिया सोमवार को शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि यह सत्र 25 अगस्त तक चलेगा। विद्यार्थियों को पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर दाखिला दिया जा रहा है।