यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने सरस्वती नगर से एक मेडिकल स्टोर संचालक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के पास से 1032 प्रॉक्सीवन कैप्सूल समेत 5482 प्रतिबंधित गोलियों बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
सेल के इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि सरस्वती नगर में सुखदास पूरा मोड पर एक युवक प्रतिबंधित दवाइयों के साथ घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक राजेश की टीम ने मौके पर जाकर वहां घूम रहे युवक को काबू किया। जिसकी पहचान सरस्वती नगर निवासी कपिल गोयल उर्फ बब्बू के नाम से हुई। आरोपी से एक पॉलिथीन बरामद हुआ। जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां थी। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट खेल विभाग के कोच अमित कुमार व ड्रग कंट्रोल ऑफिसर रितु महला को बुलाया गया। इसके सामने पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से 1032 प्रॉक्सीवन कैप्सूल व अल्प्राजोलम की 4450 गोलियां बरामद हुई।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर ने बताया कि ये दवाइयां प्रतिबंधित है। इन्हें नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए इन पर सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाया हुआ है। इन्हें बेचने और कहीं भी सप्लाई करने पर रोक है। फिर भी यदि कोई इनका इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इंचार्ज राकेश राणा ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी कपिल लंबे समय से प्रतिबंधित दवाइयां बेच रहा था और उसका खुद का सरस्वती नगर में मेडिकल स्टोर है। आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी कि वह ये दवाइयां कहां से लेकर आता था।