संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सरकारी स्कूल के विद्यार्थी अब हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड पहाड़ों का भ्रमण करेंगे। वहीं भ्रमण के दौरान विद्यार्थी ट्रैकिंग, कैंपिंग, रिवर राफ्टिंग इत्यादि रोमांचकारी गतिविधियां भी करेंगे। विद्यार्थियों को यह भ्रमण शिक्षा विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। इसके लिए विभाग ने प्रदेशभर से विद्यार्थियों का चयन किया है। परंतु भ्रमण पर जाने के लिए विद्यार्थियों को मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट देना होगा। बिना मेडिकल सर्टिफिकेट के विद्यार्थी एडवेंचरिंग टूर पर नहीं जा सकेंगे। इस बार विभाग विद्यार्थियों को मनाली में राफ्टिंग व ट्रैकिंग के लिए ले जा रहा है। वहीं देहरादून के डाक पत्थर में सांस्कृतिक गतिविधियां करवाई जाएंगी। इसके लिए विभाग ने विद्यार्थियों की सूची तैयार कर निदेशालय भेज दी है। यह भ्रमण तीन से 10 फरवरी तक करवाया जा रहा है। वहीं इससे पहले विद्यार्थियों को इसकी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। भ्रमण के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट अनिवार्य है। शर्त पूरी न करने वाले विद्यार्थी इस भ्रमण पर नहीं जाएंगे। बता दें कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से 30वां नेशनल एडवेंचर फेस्टिवल करवाया जा रहा है। महोत्सव के तहत विद्यार्थियों को गतिविधियों के लिए मनाली व देहरादून के पहाड़ों पर ले जाया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश से कुल 220 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। जिसमें यमुनानगर के विभिन्न स्कूलों के आठ विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों के साथ दो अध्यापकों का चयन भी भ्रमण के लिए किया गया है। परिषद के मुख्यालय से डीईओ, डीपीसी को पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि एडवेंचर कैंप हिमाचल प्रदेश के मनाली, उत्तराखंड़ देहरादून के डाक पत्थर में लगेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। पत्र में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट के साथ माता पिता का सहमति पत्र होना जरूरी है। बिना इसके विद्यार्थियों को भ्रमण पर नहीं ले जाया जाएगा।
करवाई जाएंगी यह गतिविधियां
मनाली में एडवेंचर कैंप में विद्यार्थियों को हिल ट्रैकिंग (पहाड़ पर चढ़ना), रिवर राफ्टिंग (नदी के भंवर में नाव चलाना), स्नो स्कीइंग (बर्फ से ढके पहाड़ पार करना), ऊबड़ खाबड़ पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलाना, रस्सी पर चढ़ना, रस्सी के सहारे चढ़ना, कैंप फायर, योगा, ध्यान करवाया जाएगा। यह सभी साहसिक गतिविधियां हैं। वहीं देहरादून के डाक पत्थर में लोक नृत्य, रागनी अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए जाएंगे।
शिविर में ये ले जाना है जरूरी
इस एडवेंचर कैंप में जाने के लिए विद्यार्थियों को दो पास पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की प्रति, माता पिता का सहमति पत्र, मेडिकल सर्टिफिकेट, स्कूल यूनिफार्म, गर्म ट्रैकसूट, कपड़े, जॉकेट, स्पोर्ट सूज, टॉर्च, पानी की बोतल, सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ड्रेस साथ लेकर जाना होगा।
विद्यार्थियों को तीन से 10 फरवरी तक एडवेंचर कैंप हिमाचल प्रदेश के मनाली व देहरादून के डाक पत्थर में लगाया जा रहा है। जिसमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अभिभावकों का सहमति पत्र व मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट देना जरूरी है। शिविर में विद्यार्थियों की साहसिक गतिविधियां करवाई जाएंगी।
डॉ. धर्मवीर सिंह, अतिरिक्त परियोजना समन्वयक।