सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार को ठीक कराने के लिए मायके से रुपये लेकर आने का दबाव डालने से आहत 23 वर्षीय विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। मायके वालों ने उसके पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी उनकी बेटी को कार न देने व क्षतिग्रस्त कार को ठीक कराने के लिए रुपये न देने के लिए प्रताड़ित करते थे। इसी वजह से उसने जहर खाकर जान दी। मामला छप्पर थाना क्षेत्र के गांव जागधौली का है। छप्पर थाना पुलिस ने मामले में मृतका के पिता की शिकायत पर उसके पति, सास, ससुर व जेठ पर दहेज हत्या के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैथल के नानकपुरी काॅलोनी निवासी विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह आईटीआई जींद रोड कैथल पर चाय की रेहड़ी लगाता है। उसने अपनी 23 वर्षीय बेटी इशिका की शादी दिसंबर 2020 में गांव जागधौली निवासी विशाल के साथ की थी। इस शादी से बेटी के पास एक वर्षीय बेटा शिवांश है। आरोप है कि उसकी बेटी को उसका पति व ससुराल वाले दहेज में कार न लेकर आने के लिए प्रताड़ित करते थे। इस बारे में बेटी ने घर भी बताया था। 12 मई को उसका दामाद विशाल अपने परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदारी में गांव ककेड़ी में शादी समारोह में गया था। इस समारोह में जाने के लिए वह अपने दोस्त से कार मांग कर लाया था। जिसका रास्ते में सड़क हादसा हो गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई थी।
आरोप है कि हादसे के बाद कार को ठीक कराने के लिए उसकी बेटी इशिका को और परेशान किया जाने लगा। इशिका पर उसके मायके से रुपये लेकर आने का दबाव बना रहे थे। जिससे वह परेशान होकर भैया दूज पर मायके में आ गई थी।
विनोद ने आरोप लगाते हुए बताया कि 28 नवंबर की शाम को दामाद विशाल उनकी बेटी को लेने के लिए आया। यहां झगड़ा कर वह उसे अपने साथ ले गया था। अगले दिन उसकी ससुराल से उनके पास फोन आया कि इशिका की हालत बिगड़ गई है उसे अस्पताल में लेकर गए हैं। जब वे कैथल से चले तो उसके दामाद का फोन आया कि इशिका की मौत हो चुकी है। उन्हें बताया गया कि उसकी बेटी ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दी है। आरोप है कि उसके पति विशाल, सास उषा, ससुर राजेश व जेठ रोहन ने क्षतिग्रस्त कार को ठीक न कराने के लिए रुपये न देने व दहेज में कार न लाने को लेकर उसकी बेटी प्रताड़ित किया। जिसकी वजह से ही उसने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। छप्पर थाना पुलिस ने चारों आरोपियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।