Market buzzing on Diwali, shopkeepers wooing customers with gifts
- फोटो : Yamuna Nagar
जगाधरी। रोशनी के पर्व दिवाली को एक सप्ताह ही बचा है और त्योहार को लेकर घरों में तैयारी शुरू हो गई है। त्योहार को लेकर बाजारों में खूब रौनक है। इसका असर अभी से दिखने लगा है। बाजार में सुबह दुकानें जल्दी खुलती है और रात को देरी से बंद हो रही हैं। वहीं बाजारों में लोगों की चहल पहल भी देर रात तक होने लगी है। इन दिनों बाजार में सभी दुकानों पर भीड़ जुट रही है। दिवाली की उपहारों के बिना अधूरी होती है। त्योहार को लेकर बाजार पूरी तरह सज गए हैं। वहीं लोगों को लुभाने के लिए इन दिनों बाजारों में सैकड़ों तरह के उपहार व गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। खान पान की वस्तुओं के अलावा सजावटी व पूजन सामग्री भी विशेष पैक में लोगों को आकर्षित कर रही है। पर्व पर अपनों को उपहार देने के लिए लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है।
बाजार में विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के अलावा देसी उत्पादों की भारी मांग है। कंपनियों ने लोगों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर दिए हैं। एक के साथ एक गिफ्ट पैक फ्री के अलावा खरीदारी पर अन्य सामान मुफ्त के अवसर भी उपलब्ध है। दिवाली पर सबसे ज्यादा बिक्री गिफ्ट पैक्स की होती है। इनमें चॉकलेट, जूस, नमकीन पैक्स की भारी मांग होती है। हर साल इनकी किल्लत हो जाती है। ऐसे में इस बार दुकानदारों ने काफी स्टॉक रखा हुआ है।
उपलब्ध है 100 से 3000 रुपये तक गिफ्ट
बाजार में विभिन्न प्रकार के गिफ्ट पैक्स उपलब्ध हैं। लोग इनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। इनमें बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए विभिन्न वस्तुओं को एक बॉक्स में पैक किया गया है। सबसे ज्यादा मांग चॉकलेट गिफ्ट पैक की है। यह पैक एक सौ रुपये से शुरू हैं। जिसमें सात से आठ चॉकलेट हैं। इसके अलावा बड़े पैक में बड़ी चॉकलेट के साथ जूस, फ्लेवर्ड मिल्क इत्यादि हैं। वहीं ड्राईफ्रूट इत्यादि के भी स्पेशल पैक उपलब्ध है। 3000 हजार में विभिन्न ड्राईफ्रूट, चॉकलेट, जूस इत्यादि सहित कई तरह की आइट्मस पैक हैं। वहीं इसमें विशेष छूट और फ्री गिफ्ट भी कंपनियों की तरफ से दिए जा रहे हैं।
बरसेगी बाजार में लक्ष्मी
पंडित ललित शर्मा ने बताया कि मंगलवार को पुष्य नक्षत्र, सर्वार्थ सिद्धि योग है। इस दिन से खरीदारी करना बेहद शुभ होगा। पुष्य नक्षत्र नई वस्तुएं घर लाने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे में लोग बाजारों की ओर आकर्षित होंगे। वहीं दुकानदारों ने इसके लिए पहले से ही तैयारी कर ली है। जगाधरी के खेड़ा बाजार के व्यापारी मनीष कुमार ने बताया कि त्योहार को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार है। मंगलवार से खरीदारी का शुभ योग शुरू हो रहा है। इसे लेकर दुकानदारों में उत्साह है। वहीं लोगों का रुझान भी मिल रहा है। लोग विभिन्न वस्तुओं की पूर्व में ही बुकिंग करवा रहे हैं।