संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में मनवी ने प्रथम, अनुराग ने द्वितीय, जानवी ने तृतीय, परीशा सैनी ने चतुर्थ और दिवांशा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में 120 विद्यार्थियों ने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और इसके इस्तेमाल में कमी लाने का संदेश देते हुए आकर्षक पोस्टर बनाए। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर निगम की अधिकृत संस्था हीर एंवायरो सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड की आईईसी टीम ने प्रतियोगिता करवाई। आईईसी एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को पोस्टर बनाने के लिए एक घंटे का समय दिया गया। विद्यालय में पांच सदस्यीय ग्रीन कमेटी का गठन भी किया गया।
कमेटी के सदस्य स्कूल परिसर में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, घर और स्कूल में कंपोस्टिंग, सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। खास बात यह रही कि कमेटी के पांचों सदस्यों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भी भाग लिया और प्रथम से पांचवां स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को छोटी उम्र से ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना जरूरी है।